यूपी के युवाओं को अपने ही जिले में मिलेगा रोजगार! जानिए क्या है कौशल कनेक्ट सेल?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी' के संकल्प को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने 'कौशल कनेक्ट सेल' का गठन किया है. यह सेल प्रदेश में आने वाले बड़े निवेशकों और उद्योगों की मांग के अनुसार उन्हें प्रशिक्षित युवा उपलब्ध कराएगी.
इन्वेस्ट यूपी और कौशल विकास मिशन के बीच तालमेल
इन्वेस्ट यूपी और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के लिए इस सेल को बनाया गया है. राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के अनुसार, मिशन में प्रशिक्षण और रोजगार की प्रक्रिया को गति देने के लिए स्पीडअप-पीएमयू को आबद्ध किया गया है, जो निवेशकों के साथ रियल-टाइम समन्वय करेगा.
जिलेवार डेटाबेस और सीधे प्लेसमेंट की तैयारी
'कौशल कनेक्ट सेल' की जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक नहीं होगी, बल्कि यह निम्नलिखित कार्यों को जमीन पर उतारेगी:
रियल-टाइम ट्रैकिंग: इन्वेस्ट यूपी के साथ दैनिक समन्वय कर प्रोजेक्ट्स की स्थिति अपडेट रखना.
सेक्टरवार डेटा: किस जिले में कितना निवेश आ रहा है और वहां ऑटोमोबाइल, आईटी या टेक्सटाइल जैसे सेक्टर्स में कितने युवाओं की जरूरत है, इसका डेटाबेस तैयार करना.
इंडस्ट्री कनेक्टिविटी: निवेशकों के एचआर विभाग से संपर्क साधना और ट्रेनिंग पार्टनर्स के जरिए युवाओं को सीधे रोजगार दिलाना.
35 सेक्टर्स में मिल रही है ट्रेनिंग
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि वर्तमान में मिशन के तहत 35 सेक्टर्स और 1300 से अधिक जॉब रोल्स में ट्रेनिंग दी जा रही है. 'कौशल कनेक्ट सेल' के माध्यम से अब ट्रेनिंग और इंडस्ट्री की मांग के बीच का गैप खत्म होगा, जिससे युवाओं को उनके गृह जनपद में ही नौकरी मिल सकेगी.
No comments