Recent Posts

Breaking News

बीवी के आशिक को मारने के बाद प्रदीप ने किया ड्रामा, पुलिसवालों पर तानी पिस्टल, बीड़ी पी और की ये डिमांड

Meerut Police Viral Video: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. सड़क पर सुनील नाम के युवक को तीन गोलियां मारकर छलनी करने वाला आरोपी प्रदीप न केवल बेखौफ दिखा बल्कि गिरफ्तारी के समय पुलिस के सामने बैठकर आराम से बीड़ी पीता नजर आया. रिश्तों में बेवफाई और बदले की आग में हुए इस हत्याकांड के बाद आरोपी ने खुद वीडियो बनाकर पुलिस को चुनौती दी और कप्तान के सामने ही सरेंडर करने की शर्त रखी. 

डेढ़ साल पुरानी रंजिश और खूनी खेल

यह पूरी वारदात मेरठ के बहसुमा थाना क्षेत्र के रामराज इलाके की है. मृतक सुनील के आरोपी प्रदीप की पत्नी के साथ प्रेम संबंध थे. करीब डेढ़ साल पहले महिला अपने पति को छोड़कर सुनील के साथ रहने लगी थी. इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए प्रदीप ने सुनील को बीच सड़क पर तीन गोलियां मार दीं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

कत्ल के बाद वीडियो बनाकर दी धमकी

हत्या के कुछ घंटे बाद प्रदीप का एक 4 मिनट का वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में वह हाथ में हथियार लहराते हुए कहता है 'तीन गोलियां मारकर आया हूं, पूरा जिम्मेदार मैं हूं.'  उसने अपनी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी दी और कहा कि जो औरतें घर से भागेंगी, उनका यही अंजाम होगा. उसने यह भी दावा किया कि वह अपने साथ ढाई मीटर का कफन लेकर चल रहा है.

गिरफ्तारी का हाई वोल्टेज ड्रामा

जब पुलिस आरोपी को पकड़ने खेत में पहुंची तो वह हाथ में दो तमंचे लेकर खड़ा हो गया. उसने पुलिस को ललकारते हुए कहा, 'तुम तो मेरा हाफ मर्डर करोगे, मैं खुद अपना फुल मर्डर करूंगा.' वह इस बात पर अड़ा रहा कि वह सिर्फ कप्तान (SSP) के सामने ही सरेंडर करेगा. इस दौरान पुलिसकर्मी उसे समझाते और मिन्नतें करते दिखे कि 'तुझे कोई हाथ नहीं लगाएगा इसकी गारंटी मैं दे रहा हू.'

पुलिस के सामने बीड़ी का धुआं उड़ाता कातिल

गिरफ्तारी से ठीक पहले का नजारा और भी हैरान करने वाला था. प्रदीप ने बड़े आराम से बीड़ी जलाई और पुलिस की मौजूदगी में उसे फूंकने लगा. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए और किसी अनहोनी को टालने के लिए उन्होंने धैर्य से काम लिया और नेगोशिएशन के जरिए उसे सुरक्षित हिरासत में लिया.

No comments