Recent Posts

Breaking News

देवर महेंद्र ने भाभी माया पर चाकू से किया हमला फिर खुद कर लिया सुसाइड...झांसी का ये प्रेम प्रसंग सुन हो जाएंगे हैरान.

Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. पारिवारिक रिश्तों की उलझन और कथित प्रेम प्रसंग ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक देवर ने अपनी ही भाभी पर बेरहमी से चाकू से हमला कर दिया. महिला खून से लथपथ हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. यही नहीं, घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपी का शव भी पेड़ से लटका मिला. एक ही दिन में हुए इस दोहरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

प्रेम प्रसंग बना खूनी हमले की वजह

घटना झांसी जनपद के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नैनागढ़ इलाके की है. यहां 36 वर्षीय माया देवी अपने पति राकेश साहू और पांच साल की बेटी के साथ रहती है. राकेश साहू लोडिंग गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. दोनों की शादी करीब सात साल पहले हुई थी.

राकेश के मुताबिक, मोहल्ले में ही उनकी मौसी का बेटा 30 वर्षीय महेंद्र साहू रहता था. आरोप है कि महेंद्र और माया देवी के बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी परिवार को पहले नहीं थी. करीब डेढ़ साल पहले राकेश और महेंद्र अहमदाबाद की एक फैक्ट्री में साथ काम करते थे. उसी दौरान महेंद्र ने कहा था कि वह माया देवी को लेने जा रहा है और झांसी से उसे लेकर दिल्ली चला गया. तभी इस कथित संबंध की जानकारी राकेश को हुई. बाद में समझाइश और पारिवारिक हस्तक्षेप के बाद माया देवी वापस घर लौट आईं, लेकिन बताया जा रहा है कि महेंद्र इस रिश्ते को लेकर अड़ा हुआ था. राकेश का यह भी कहना है कि दो दिन पहले महेंद्र ने फोन कर उसे और माया देवी को जान से मारने की धमकी दी थी. हालांकि उस समय जानकारी मिली कि वह अहमदाबाद में है, इसलिए परिवार ने खतरे को गंभीरता से नहीं लिया. 

सुबह 9 बजे घर में घुसकर किया हमला

शनिवार सुबह राकेश रोज की तरह करीब 6 बजे काम पर निकल गया था. सुबह लगभग 9 बजे वह कुछ सामान रखने के लिए घर आया और सब कुछ सामान्य पाया. इसके बाद वे दोबारा काम पर चले गए. इसी बीच, जब माया देवी अपनी बेटी को आंगनबाड़ी भेजने की तैयारी कर रही थीं, तभी महेंद्र चाकू लेकर घर पहुंच गया. दरवाजा खटखटाने पर माया देवी ने दरवाजा खोला. आरोप है कि महेंद्र घर में घुस गया और अंदर से कुंडी बंद कर ली. इसके बाद उसने चाकू से माया पर ताबड़तोड़ चार से पांच वार किए. गर्दन, सीने और पेट पर गहरे घाव किए गए. बताया जा रहा है कि हमले के दौरान महिला की आंतें तक बाहर आ गईं.

यह भयावह दृश्य देखकर पांच साल की बेटी घबरा गई. वह छत पर भागी और टीनशेड से कूदकर पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां पर चाकू से हमला किया जा रहा है. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था.

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती

स्थानीय लोगों की मदद से माया देवी को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहौर के अनुसार, महिला के शरीर पर चार-पांच गहरे जख्म हैं. गर्दन, पेट और सीने पर चाकू से वार किया गया है. उनकी हालत अत्यंत गंभीर है और फिलहाल उनका इलाज जारी है.

कुछ घंटों बाद आरोपी का शव मिला

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी. इसी बीच शाम के समय महेंद्र साहू का शव इलाके के एक मैरिज हॉल के पास पेड़ से लटका हुआ मिला. प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है. मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे और कौन-कौन से कारण रहे होंगे. 

No comments