Recent Posts

Breaking News

Himachal News : बच्चियों को फ्री लगेगा 10 हज़ार वाला एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से मिलेगी सुरक्षा



हिमाचल की एक लाख के करीब 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को नि:शुल्क 10 हज़ार वाला एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस)टीका लगाया जाएगा। इसके लिए सरकार, स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग की ओर से ज़मीनी स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके लिए शिक्षा निदेशालय शिमला की ओर से प्रदेश भर में 28 फरवरी को पेरेंट्स टीचर मीटिंग यानी पीटीएम में माता-पिता का आना अनिवार्य किया गया है, जहां विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। 

इसमें माता-पिता को किशोरियों को वैक्सीनेशन के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही सर्वाइकल कैंसर के खतरे के बारे में भी बताया जाएगा। एचपीवी टीके से सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा में बड़ा मददगार पाया गया है। इस संबंध में अब शिक्षा निदेशालय शिमला की ओर से सभी जिलों के उप-निदेशकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसमें यह तय किया जा रहा है कि 28 फरवरी को माता-पिता स्कूल में पहुंच पाए।

साथ ही मार्च व अप्रैल में फाइनल परीक्षाओं के बीच किसी एक दिन का चयन कर किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। गौर हो कि प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी वैक्सीनेशन लगवाने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। आठ से 10 हजार की यह वैक्सीन पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है।

क्या बोले अधिकारी

उच्च शिक्षा विभाग कांगड़ा की उप-निदेशक कमलेश कुमारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन करवाई जाएगी। 28 फरवरी को माता-पिता के साथ विशेष संवाद के तहत जागरूक किया जाएगा। साथ ही जल्द ही तिथि निर्धारित होने पर 14 से 15 वर्ष की छात्राओं को इंजेक्शन लगाया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों में होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम

एचपीवी वैक्सीनेशन पर निदेशालय व स्वास्थय विभाग के निर्देशों के तहत शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को इस टीके के महत्व के बारे में सही जानकारी मिल सके। साथ ही 28 फरवरी को स्कूलों में आयोजित होने वाली पीटीएम बैठकों में एचपीवी वैक्सीनेशन पर चर्चा को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके बाद 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका नि:शुल्क लगाया जाएगा। टीकाकरण के समय बच्ची का खाली पेट न होना आवश्यक है।

No comments