जहां बेटा रहता है, वहां से 100 मीटर दूर गिरी मिसाइल...ईरान में रह रहे बेटे को लेकर परेशान लखनऊ के आमिर जैदी, ये बताया
UP News: ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल का युद्ध चल रहा है. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है. इसके बाद से शिया समुदाय में जबरदस्त गम और गुस्सा देखने को मिल रहा है. बता दें कि लखनऊ में शिया समुदाय के कई लोग ईरान में रहते हैं. यहां तहसीनगंज के रहने वाले रवीश जैदी भी काफी सालों से ईरान की राजधानी तेहरान में रहते हैं. अब लखनऊ में रह रहे उनके पिता को अपने बेटे की चिंता सता रही है.
पिता का कहना है कि सुबह 10:30 बजे आखिरी बार बेटे से बात हुई थी. पिता का कहना है कि उस दौरान बेटे ने बताया था कि जहां वह रहता है, वहां से महज 100 मीटर दूर ही एक मिसाइल गिरी है. इसके बाद से पूरा परिवार परेशान है और बेटे की सलामती की दुआ कर रहा है.
ईरान में अकेला है बेटा
पिता आमिर अब्बास जैदी ने बताया, उनका बेटा पिछले 16–17 सालों से ईरान में रह रहा है. आज जब बेटे से बात हुई तो उसने कहा कि हालात अच्छे नहीं हैं. बेटा जहां रहता है, वहां से 100 मीटर की दूरी पर ही मिसाइल गिरी है.
पिता ने बताया, वह इंडियन एंबेसी के संपर्क में हैं. बेटे के हार्ट का ऑपरेशन हुआ है. डॉक्टरों ने उसको सफर करने से भी मना कर दिया है. इस दौरान आमिर अब्बास जैदी ने ये भी बताया कि खामेनेई उनके लिए अल्लाह के बेटे के समान थे. वह शियाओं के लिए काफी अहम थे.
आपको बता दें कि अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए हैं. इसके साथ ही ईरानी सेना के कई कमांडर, ईरान के नेता, मंत्री तक मारे जा चुके हैं. इस समय खाड़ी के देशों में गंभीर युद्ध देखने को मिल रहा है, जिसने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है.
No comments