सेप्टिक टैंक में उतरे जावेद और उनके बेटे की हो गई मौत, फिर दामाद इरफान ने बताई रात 2 बजे वाली कहानी
Kanpur Septic Tank Incident: कानपुर के कल्याणपुर इलाके में बुधवार देर रात एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई. यहां एक अपार्टमेंट के सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे पिता जावेद और उनके बेटे आकिब की जहरीली गैस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में मृतक का दामाद बाल-बाल बच गया जिसे गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आधी रात को सफाई के दौरान हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित एक रिहायशी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की है. कर्नलगंज इलाके के रहने वाले जावेद, उनका बेटा आकिब और दामाद इरफान बुधवार रात करीब 12 बजे टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे. बताया जा रहा है कि सफाई का पहला दौर सुरक्षित पूरा हो गया था. लेकिन रात करीब 2 बजे जब जावेद और आकिब दोबारा टैंक की गहराई में उतरे तभी अचानक बनी जहरीली गैस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टैंक के अंदर ही दोनों बेहोश हो गए. बाहर मौजूद इरफान को भी चक्कर आने लगे. लेकिन उसने हिम्मत जुटाकर किसी तरह खुद को बाहर निकाला और तुरंत इमरजेंसी हेल्पलाइन के जरिए पुलिस को सूचना दी.
SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही ACP (कल्याणपुर) आशुतोष कुमार और DCP (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी भारी पुलिस बल और SDRF की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. लगभग एक घंटे तक चले कड़े बचाव अभियान के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला जा सका. उन्हें तुरंत लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जावेद और आकिब को मृत घोषित कर दिया. वहीं इरफान की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण जहरीली गैस से सफोकेशन होना बताया जा रहा है. पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि क्या सफाई के दौरान अनिवार्य सुरक्षा प्रोटोकॉल और उपकरणों का पालन किया गया था या नहीं. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
No comments