Recent Posts

Breaking News

शक्तिपीठों में चैत्र नवरात्र मेले का आगाज, मइया के जयकारों से गूंजे मंदिर, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

प्रदेश के शक्तिपीठों में चैत्र नवरात्र मेले का आगाज कंजक पूजन और झंडा रस्म के साथ हुआ। चैत्र नवरात्रों के पहले दिन गुरुवार को बारिश के बीच मइया के दर्शनों के लिए प्रदेश के शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। 

मां के दर्शनों के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लाइनें लगी रहीं। गुरुवार को दिन भर प्रदेश के शक्तिपीठों में मइया के जयकारे गूंजते रहे। प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, नयनादेवी, बज्रेश्वरी देवी, चामुंडा देवी मंदिर में 50 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। चैत्र नवरात्र मेलों के दौरान मंदिरों में मइया की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। रंग-बिरेंगे सुगंधित फूलों से मइया के मंदिरों को सजाया गया है। मां के दर्शनों के लिए मंदिर खुलने और बंद करने का भी अलग से समय तय किया गया है। 

ऊना जिला के उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में नवरात्र मेले के पहले दिन 8000 श्रद्धालुओं ने शीष नवाया। श्रद्धालुओं के दर्शन करने के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। वहीं, नयनादेवी मंदिर में नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को 10 हजार श्रद्धालुओं ने मइया के चरणों में शीष नवाया।

नयनादेवी मंदिर अधिकारी चतर सिंह रणौत ने बताया कि मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। ज्वालाजी मंदिर में पहले नवरात्र को 20 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि चैत्र नवरात्र मेले का आगाज कंजक पूजन और झंडा रस्म के साथ किया गया। 

कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्र मेले के पहले दिन दस हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका। मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर ने बताया कि पहले नवरात्र के चढ़ावे की गणना शुक्रवार को होगी। इसके अलावा चामुंडा देवी मंदिर में गुरुवार को दो हजार श्रद्धालुओं ने मइया के चरणों में शीष नवाया। 

मंदिर अधिकारी राकेश कुमार चैत्र नवरात्र मेले शतचंडी दुर्गा पाठ, रुद्राभिषेक, सवा लक्ष गायत्री जाप, रामायण पाठ, देवी भागवत पुराण पाठ, दुर्गा बीज मंत्र जाप, प्रतिदिन गणपति ,दुर्गा, नवग्रह, कलश एवं मंडप में स्थापित देवों का पूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अष्टमी के दिन माईया की विशेष पूजा की जाएगी, जिसमें मां चामुंडा को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।

No comments