खूब पिलाई शराब, फिर दुष्कर्म किया, जब होश आया तो ओयो होटल में मिली छात्रा; 6 साल की दोस्ती ने किया शर्मसार

Patna Rape : बिहार के पटना के शास्त्रीनगर क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना का संबंध शास्त्रीनगर स्थित एक ओयो होटल से है, जहां एक युवती को उसकी परिचित युवक ने मिलने का बहाना बनाकर बुलाया और नशीला पेय पिलाकर उसके साथ गलत काम किया।
मामले की जानकारी के अनुसार, पीड़िता जो पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है, उसे पहले से जानने वाला आरोपी युवक उससे मिलना चाहता था। आरोपी युवक और पीड़िता दोनों ही एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे, और उनकी मुलाकात एक कोचिंग क्लास के दौरान हुई थी। आरोपी युवक औरंगाबाद का निवासी है और उसकी और पीड़िता की करीब छह साल पुरानी दोस्ती थी। दोनों ही पहले एक किराए के फ्लैट में रहते थे, लेकिन बाद में आरोपी ने दूसरी जगह शिफ्ट कर ली।
पुलिस के अनुसार, पिछले महीने आरोपी का एक दोस्त पीड़िता को यह खबर दी कि उसकी शादी होने वाली है। पीड़िता ने जब उससे इस बारे में पूछा, तो आरोपी ने कहा कि वह सारी बातें मिलकर बताएगा। इसी क्रम में, बीते 13 मार्च को आरोपी युवक ने पीड़िता को मिलने के बहाने होटल में बुलाया। होटल पहुंचने के बाद, आरोपी ने उससे नशीला पेय पदार्थ पिलाया। इससे पीड़िता बेहोश हो गई और दो घंटे बाद जब उसकी आंखें खुलीं, तो उसने अपने साथ हुई घटना का पता चला।
पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उस वक्त आरोपी फरार हो चुका था। होटल के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने घटना की जांच शुरू की है, और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है ताकि साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा सके। डीएसपी सचिवालय-2 साकेत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की इस घटना ने स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 (यौन शोषण), 328 (नशीला पदार्थ देना), और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है, और उसकी सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
No comments