Recent Posts

Breaking News

स्कूल की बस का फर्श था टूटा, झटका लगा और नीचे गिर गई 9 साल की नैना, बच्ची को मिली दर्दनाक मौत

Agra School Bus Accident: आगरा के एत्मादपुर से एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. रोज की तरह स्कूल से घर लौट रही एक मासूम बच्ची की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई. चलती बस में बैठी नौ साल की  बच्ची नैना अचानक बस के टूटे फर्श से नीचे गिर गई और देखते ही देखते बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया. कुछ ही पलों में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. इस घटना के बाद गाव में शोक की लहर है और स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं.स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, आगरा के नगला लाले गांव निवासी ब्रह्मजीत की नौ साल की बेटी नैना कक्षा एक की छात्रा थी. वह रोज की तरह स्कूल बस से घर लौट रही थी. लेकिन रास्ते में नया बांस बिहारीपुर रोड पर बने एक ब्रेकर के पास यह भयावह हादसा हो गया. परिजनों का आरोप है कि जिस बस से बच्चों को  लाया और ले जाया जा रहा था, उसकी हालत बेहद खराब थी. बस में सीटों की उचित व्यवस्था नहीं थी और बच्चों को लकड़ी के तख्ते पर बैठाकर सफर कराया जा रहा था.

टूटा हुआ फर्श बना हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि बस का फर्श पहले से टूटा हुआ था और उस जगह पर लकड़ी का एक पटरा रखा गया था. जब बस ब्रेकर से गुजरी तो अचानक तेज झटका लगा. उसी दौरान लकड़ी का पटरा हट गया और नैना नीचे की ओर खिसक गई. इससे पहले कि बस में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, बच्ची बस से नीचे गिर गई और बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया. इस दर्दनाक दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को सन्न कर दिया. 

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल नैना को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि बच्ची को बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घर की लाडली और परिवार की उम्मीद कही जाने वाली मासूम की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

स्कूल प्रबंधन पर लगे गंभीर आरोप

बताया जा रहा है कि यह बस भागूपुर स्थित एक निजी स्कूल की थी. हादसे के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने बस को कहीं छिपा दिया है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि जो भी इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी. साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए परिवहन विभाग के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया जाएगा.

No comments