एक शव की लगाई चिता, राख में मिलीं दो खोपड़ियां, सच्चाई जानकर रिश्तेदारों में मच गई चीख-पुकार.

Tamil Nadu : तमिलनाडु के अरियालुर जिले के कुमुलियम गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग कथित तौर पर नशे की हालत में अपने रिश्तेदार की अंतिम संस्कार की चिता में गिर गए, जिससे उनकी जलकर मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात की है, जब गांव में रामदास का अंतिम संस्कार चल रहा था।
चिता में दो खोपड़ियां मिलने से परिजन परेशान
रामदास की मौत सुबह स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हुई थी। रात में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें 75 वर्षीय थंगारासु भी मौजूद थे। बताया जाता है कि थंगारासु उस समय शराब के नशे में थे। शुक्रवार की सुबह, जब एक रिश्तेदार श्मशान स्थल पर पहुंचा, तो उसने देखा कि शव पूरी तरह से नहीं जला है। उसे लगा कि बारिश के कारण चिता की आग बुझ गई होगी। इस पर परिजनों ने मिलकर चिता पर केरोसिन डालकर शव को जलाने का प्रयास किया।
इसी दौरान, परिजनों को पता चला कि थंगारासु लापता हैं। जब उन्होंने चिता को खंगाला और राख की जांच की, तो उन्हें दो खोपड़ियां और अतिरिक्त हड्डियां मिलीं। इससे स्पष्ट हो गया कि चिता में दो लोग जल गए थे, और आशंका जताई गई कि मृतक दोनों ही जलकर मारे गए हैं।
पुलिस ने शुरुआती जांच में कहा है कि, “थंगारासु नशे की हालत में संतुलन खो बैठे और जलती हुई चिता में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।” दोनों मृतक दुबले-पतले थे, जिसके कारण परिजनों को शुरुआत में यह भ्रम हुआ कि चिता पर एक ही शव है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
No comments