Recent Posts

Breaking News

‘तुम रात में बस मेरे पास आ जाया करो’…सारा कर्जा माफ कर दूंगा… महिला से फाइनेंसर ने रखी शर्मनाक शर्त

हलवारा : सुधार पुलिस ने इलाके के बिल्डर, होटलियर और कोलोनायजर ब्रहमदीप सिंह सिद्धू के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महिला को प्रताड़ित करने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप हैं। बताया जा रहा है कि उसने महिला से 35 हजार रुपये का कर्ज माफ करने के बदले हर हफ्ते एक रात उसके साथ बिताने और इसके लिए पांच हजार रुपये देने की पेशकश की थी।

पुलिस में दी खुदकुशी की धमकी

पीड़ित महिला ने आरोपी की मानसिक यातनाओं के चलते थाने में पुलिस को बताया कि वह खुदकुशी कर सकती है। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। आरोपी ने महिला के कार्यस्थल पर भी उसे प्रताड़ित किया, जिससे प्राइवेट कंपनी के मालिकों ने उसे नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद महिला ने अपने पति को पूरी स्थिति बताई और थाना सुधार में शिकायत दर्ज करवाई।

डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा और थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत और महिला के साथ फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग उपलब्ध है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, 78, 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर गुरुवार तड़के उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कर्ज का मामला

पीड़िता ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में काम करती थी और उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। 5 जनवरी को उसने ब्रहमदीप सिंह सिद्धू के दफ्तर जाकर 35 हजार रुपये का कर्ज लिया। अगले दिन आरोपी ने एक खाली चेक और प्रोनोट पर हस्ताक्षर करवाए। मार्च से हर महीने 10 हजार रुपये की किश्त तय हुई।

7 मार्च को आरोपी ने महिला को अपने दफ्तर बुलाया और प्रस्ताव रखा कि पैसे लौटाने की जरूरत नहीं है, बस हर हफ्ते एक रात उसके साथ सोना होगा। आरोपी ने कहा कि सालाना पांच-छह लाख रुपये के बदले यह करना होगा।

नौकरी और मानसिक प्रताड़ना

पीड़िता ने बताया कि उसने शर्म और सम्मान का हवाला देकर मना किया, लेकिन आरोपी लगातार दबाव डालता रहा। महिला ने बताया कि मुल्लांपुर स्थित उसके कार्यस्थल पर भी आरोपी पहुंच गया, जिसके कारण कंपनी मालिकों ने उसे नौकरी से निकाल दिया।

इसके बाद महिला ने अपने गूगल ट्रांसफर से 35 हजार रुपये लौटा दिए। आरोपी ने फाइल, चेक और प्रोनोट जलाने का दिखावा किया, लेकिन असल में उसने फाइल अपने पास रख ली और अदालत में पेश करने की धमकी दी।

आगे की कार्रवाई

थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। आरोपी के फोन जब्त कर सीएफएसएल रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके अलावा आरोपी के दफ्तर और महिला के कार्यस्थल की सीसीटीवी फुटेज भी कलेक्ट की जाएगी। पीड़िता को प्रताड़ना के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और बुधवार को बयान लेने के दौरान भी उसकी ग्लूकोस की पाइप लगी हुई थी। पीड़िता कई दिनों से ठीक से भोजन नहीं कर पा रही थी, जिससे उसकी स्थिति काफी कमजोर हो गई।

No comments