Recent Posts

Breaking News

‘वो उससे शादी करना चाहती थी’ प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने ली बेटी की जान

 

राजस्थान : राजस्थान के झुंझुनूं जिले के घूमनसर कलां गांव में एक दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। यहां एक युवती को अपने प्यार के लिए अपनी जान गंवानी पड़ी। परिवार की “इज्जत” का हवाला देते हुए उसके ही पिता ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

पिलानी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का खुलासा पुलिस ने बीते रविवार को किया। पुलिस ने युवती की हत्या के आरोप में पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवती अपनी सहेली के भाई से प्रेम विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिवार, खासकर उसके पिता, इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी कारण घर में लंबे समय से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था।

शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि शुक्रवार रात को प्रियंका और उसके परिवार के बीच शादी को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद प्रियंका अपने कमरे में चली गई। देर रात करीब एक बजे जब वह कमरे से बाहर निकली, तभी उसके पिता सुरेंद्र कुमार ने हथौड़े से उस पर हमला कर दिया। कनपटी पर जोरदार वार होने से प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि परिवार के लोग मृतका का अंतिम संस्कार जल्दी कराने की तैयारी में थे, ताकि घटना की सच्चाई सामने न आए। लेकिन प्रियंका के चचेरे भाई और उसकी मौसी को इस मामले पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल अंतिम संस्कार रोकवाया और मामले की जांच शुरू की।

No comments