Chaitra Navratri : नवमीं पर 1.41 लाख श्रद्धालुओं ने टेका माथा, अष्टमी पर 48 लाख 82 हजार 61 रुपए चढ़ावा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
चैत्र नवरात्र मेले के नौवें दिन शुक्रवार को प्रदेश के पांच शक्तिपीठों में चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, नयना देवी, बज्रेश्वरी देवी व चामुंडा देवी मंदिर में एक लाख 41 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। चैत्र नवरात्र मेलों के दौरान मंदिरों में मां की विशेष पूजा अर्चना की जा रही है।
अष्टमी पर चार शक्तिपीठों में 48 लाख 82 हजार 61 रुपए नकद चढ़ावा मईया के चरणों में चढ़ाया है। प्रदेश में सबसे अधिक चढ़ावा श्रीनयना देवी मंदिर न्यास को 17 लाख 99 हजार 802 रुपए का नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
श्रीनयना देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले के नौवें दिन 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं संयुक्त आयुक्त धर्मपाल चौधरी ने बताया कि अष्टमी पर 17 लाख 99 हजार 802 रुपए नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
चिंतपूर्णी मंदिर में अष्टमी पर 35 हजार भक्त ने शीश नवाया। चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि आठवें नवरात्र पर नौ लाख 92 हजार 550 रुपए चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। ज्वाला जी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले में नवमी के दिन 40 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
ज्वाला जी मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि नवरात्र के आठवें दिन मंदिर न्यास को 11 लाख 69 हजार 314 रुपए नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले में नवमी के दिन 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका।
मंदिर अधिकरी शिवाली ठाकुर ने बताया कि आठवें दिन नौ लाख 20 हजार 395 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। चामुंडा देवी मंदिर में नवमी के दिन 11 हजार श्रद्धालुओं ने मईया के चरणों में शीश नवाया। मेले के चढ़ावे की गणना नवरात्र के बाद एक साथ की जाएगी।
No comments