Chaitra Navratri 2026 : अष्टमी पर माता चामुंडा को लगेंगे 56 भोग, पांचवें नवरात्र पर 35 लाख 38 हजार चढ़ावा

चैत्र नवरात्र मेले में बुधवार को सप्तमी पर चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, नयनादेवी, बज्रेश्वरी देवी व चामुंडा देवी मंदिर में एक लाख श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। चैत्र नवरात्र मेले के छठे नवरात्र पर चार शक्तिपीठों में 40 लाख 62 हजार 534 रुपए नकद चढ़ावा मां के चरणों में चढ़ाया है।
प्रदेश में सबसे अधिक चढ़ावा श्रीनयनादेवी मंदिर न्यास को 14 लाख 54 हजार 261 रुपए प्राप्त हुआ है। श्रीनयनादेवी मंदिर में सप्तमी पर 28 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं संयुक्त आयुक्त धर्मपाल चौधरी ने बताया कि मंदिर न्यास को छठे नवरात्र पर 14 लाख 54 हजार 261 रुपए नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। चिंतपूर्णी मंदिर में सप्तमी पर 20 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया।
चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि छठे नवरात्र पर दस लाख 30 हजार 429 रुपए चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। ज्वाला जी मंदिर में 35 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। ज्वाला जी मंदिर अधिकार अजय मंडयाल ने बताया कि छठे नवरात्र पर नौ लाख आठ हजार 200 रुपए नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में सप्तमी पर सात हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर अधिकरी शिवाली ठाकुर ने बताया कि छठे नवरात्र पर छह लाख 69 हजार 644 रुपए नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। चामुंडा देवी मंदिर में सप्तमी पर दस हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। मंदिर अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि चैत्र नवरात्र मेले में अष्टमी पर विशेष पूजा की जाएगी, जिसमें मां चामुंडा को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।
No comments