Recent Posts

Breaking News

जो जाना चाहता है, जा सकता है, किसी को रोक नहीं सकते, थर्ड फ्रंट के सवाल पर नादौन में बोले CM सुक्खू



मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में थर्ड फ्रंट के गठन की अटकलों को लेकर कहा कि जो जाना चाहता है, जा सकता है। किसी को जबरदस्ती रोक तो नहीं सकते। पार्टी बनाने का सभी को लोकतांत्रिक अधिकार है। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही कहा कि मुझे समझ नहीं आता प्रदेश भाजपा आरडीजी बंद होने पर चुप क्यों है। यह ग्रांट हिमाचल प्रदेश को वर्ष 1952 से मिलती रही है। इसके बंद होने से प्रदेश का प्रति वर्ष आठ से दस करोड़ रुपया कट गया है। 

हिमाचल के हितों की बात पर भाजपा ने चुप्पी साध रखी है तथा हम हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हंै। हमारी अभी दो साल और सरकार प्रदेश में है तथा लोकहित के काम निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के रोबोटिक सर्जरी के ऊपर दिए बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि रोबोटिक सर्जरी एम्स की तर्ज पर हिमाचल में उपलब्ध करवाई गई है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री रहते हुए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एक एमआरआई मशीन तक स्थापित नहीं कर पाए थे।

 उन्होंने कहा कि भाजपा व पूर्व मुख्यमंत्री हिमाचल के विकास को लेकर पूरी तरह से कुंठाग्रस्त हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को उच्च स्तरीय करने पर बल दिया जा रहा है, ताकि आम जनता को भी इसका लाभ मिल सके। वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल मौजूदा समय में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है।

गैस की किल्लत होने पर सरकार हर संभव कदम उठाएगी। नादौन डिग्री कालेज में देरी से पहुंचने पर छात्रों द्वारा इंतजार करने पर आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में आधुनिक और गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है, जिसके तहत नादौन डिग्री कालेज में स्मार्ट क्लासेस डिजिटल लाइब्रेरी बहुउद्देशीय भवन का शिलान्यास किया है। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि जून माह से मेडिकल कालेज में कक्षाएं शुरू की जाएंगी। हमीरपुर मेडिकल कालेज में मल्टी सुपर स्पेशलिटी सुविधा उपलब्ध करवाई। इसके साथ ही डेंटल कालेज की कवायद शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री नादौन विधानसभा के दो दिवसीय दौर पर पहुंचे हैं।

No comments