Recent Posts

Breaking News

पड़ोसन से संबंध, पत्नी की गला घोंटकर हत्या… CNG ब्लास्ट नहीं, खुद ही निकला कातिल ; रची खौफनाक साजिश

 

मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए चर्चित कार अग्निकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिसे पहले सड़क हादसा और CNG किट में आग लगने की घटना माना जा रहा था, वह अब पुलिस जांच में एक सुनियोजित हत्या निकली। इस मामले में मृतका के पति डॉक्टर नीलेश पटेल को मुख्य आरोपी मानते हुए पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जबकि पुलिस आगे के सबूत जुटाने में लगी है।

सागर एसपी विकास कुमार सहवाल के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने मामले की गहराई से जांच की। जांच में सामने आया कि महिला सीमा की मौत किसी दुर्घटना में नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या थी। पूछताछ में आरोपी डॉक्टर ने स्वीकार किया कि उसका एक 25 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध था। पत्नी को इस संबंध की जानकारी होने के बाद घर में विवाद बढ़ने लगे, जिससे परेशान होकर उसने पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात आरोपी ने पहले अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या की और फिर इसे हादसा दिखाने की योजना बनाई। उसने परिजनों को फोन कर झूठी जानकारी दी कि पत्नी को हार्ट अटैक आया है और वह उसे अस्पताल ले जा रहा है। इसके बाद अपने क्लीनिक के दो कर्मचारियों के साथ मिलकर कार में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।

हालांकि, घटनास्थल और फॉरेंसिक जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए जो आरोपी के बयान से मेल नहीं खाते थे। पुलिस को शुरू से ही संदेह था। सख्त पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और पूरी साजिश कबूल कर ली।

फिलहाल पुलिस ने डॉक्टर नीलेश पटेल और उसके दोनों सहयोगियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

No comments