दो ICC खिताब जीतने के बाद भी मिली चेतावनी, कोच गंभीर का असली टेस्ट अभी बाकी है

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने हाल ही में टी-20 वल्र्ड कप 2026 जीतकर अपना दूसरा आईसीसी खिताब हासिल किया। इससे पहले उनकी कोचिंग में टीम इंडिया ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी। हालांकि पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का कहना है कि गंभीर की असली परीक्षा 2027 के वनडे वल्र्ड कप में होगी।
गांगुली ने कहा कि 2027 का वल्र्ड कप साउथ अफ्रीका में खेला जाएगा और वहां की परिस्थितियां टीम और कोच दोनों को चुनौती देंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि गंभीर मौजूदा टीम के साथ वहां भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
2023 के वनडे वल्र्ड कप में भारत ने फाइनल तक अजेय सफर तय किया था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। गंभीर ने 2011 में बतौर खिलाड़ी वल्र्ड कप जीता था, अब उन पर बतौर कोच भारत को वनडे का विश्व विजेता बनाने का दबाव है।
गांगुली ने रेड बॉल यानी टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन सुधारने को लेकर भी गंभीर को खास सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गंभीर को पिच के बारे में सोचना कम करना होगा। गांगुली ने कहा, उन्हें विकेट की चिंता अपने दिमाग से निकालनी होगी। इंग्लैंड सीरीज को ही देख लीजिए, वह पिच के बारे में कुछ नहीं कर सके और नतीजे सबके सामने हैं।
रोहित-विराट के लिए आखिरी मौका
2027 का वनडे वल्र्ड कप भारत के दो दिग्गज खिलाडिय़ों रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह इन दोनों दिग्गजों के करियर का आखिरी वल्र्ड कप हो सकता है। ऐसे में गंभीर के कंधों पर इन दिग्गजों को एक यादगार विदाई दिलाने की जिम्मेदारी भी होगी।
No comments