Recent Posts

Breaking News

UP Weather Update: यूपी में अगले 3 दिन के अंदर पलटेगा मौसम और होगी बारिश... इन जिलों में चेतावनी हुई जारी


UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है. 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है. 

15 मार्च से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, 15 मार्च से सक्रिय होने वाले इस नए तंत्र के कारण यूपी के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू होगा. यह इस सीजन की पहली बारिश होगी, जिससे पिछले कई दिनों से सामान्य से ऊपर चल रहे तापमान में गिरावट आएगी. इस बदलाव से लोगों को गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है. 

इन इलाकों में बारिश की संभावना

प्रेस नोट के मुताबिक, बारिश का मुख्य असर तराई इलाकों और पूर्वांचल में देखने को मिल सकता है:तराई क्षेत्र: लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और पीलीभीत.

पूर्वांचल क्षेत्र: गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और आजमगढ़ के आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 

फिलहाल क्यों तप रहा है उत्तर प्रदेश?

वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी का कारण बताते हुए विभाग ने कहा कि अभी प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है. मध्य भारत के ऊपर बने 'प्रतिचक्रवात' और झारखंड के पास बने 'चक्रवाती परिसंचरण' की वजह से वायुमंडल में स्थिरता है. इसी वजह से तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है और हवा में नमी के कारण सुबह कोहरा व दिन में धुंध दिख रही है. 

अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा हाल?

बारिश शुरू होने से पहले, यानी अगले 3 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. इस दौरान गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. कोहरे और धुंध की स्थिति भी बनी रह सकती है, लेकिन 15 मार्च से शुरू होने वाली बारिश पूरे प्रदेश के मौसम को पूरी तरह बदल देगी.

No comments