बच्चों की चीखें भी नहीं पिघला सकीं दिल… 16 हजार के विवाद में माता-पिता को चाकुओं से गोदा

Moradabad : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। सोमवार रात करीब आठ बजे शहर के चक्कर की मिलक इलाके में तीन मासूम बच्चों के सामने उनके माता-पिता की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महज 16 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर उपजे विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि पड़ोस में रहने वाले दरिंदों ने मासूमों की चीख-पुकार और गिड़गिड़ाहट को भी अनसुना कर दिया।
पैरों में गिरकर भीख मांगते रहे बच्चे, पर नहीं पसीजा कातिलों का दिल
वारदात के वक्त 8 साल की अफ्शा और 5 साल का आतिफ घर में ही मौजूद थे। आंखों में आंसू लिए अफ्शा ने पुलिस को बताया कि हमलावर घर में घुसे और उसके पिता राजा 30 को पीटने लगे। जब मां फराह 26 अपने डेढ़ साल के बीमार बेटे अब्बास को गोद में लेकर पिता को बचाने आईं, तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। बच्चे हमलावरों के पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाते रहे कि “हमारे मम्मी-पापा को छोड़ दो”, लेकिन कातिलों का खून सवार था। उन्होंने तब तक वार किए जब तक दोनों की सांसें नहीं थम गईं।
16 हजार रुपये के लिए रची गई खौफनाक साजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद एक मकान की रजिस्ट्री को लेकर था। राजा ने एक साल पहले पड़ोसी फहीम से दो लाख 24 हजार रुपये में एक मकान खरीदा था। राजा दो लाख रुपये दे चुका था और 24 हजार रुपये बकाया थे। अब फहीम 24 हजार की जगह 40 हजार रुपये की मांग कर रहा था। इसी 16 हजार के अंतर को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। सोमवार रात फहीम का बेटा फरजंद अपने साथियों के साथ पूरी प्लानिंग के साथ आया और इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

प्रेम विवाह का दुखद अंत, तीन मासूम हुए अनाथ
करीब 10 साल पहले राजा और फराह ने प्रेम विवाह किया था। दोनों अपनी छोटी सी दुनिया में तीन बच्चों के साथ हंसी-खुशी रह रहे थे। राजा मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पाल रहा था। सोमवार रात जब वह काम से लौटा और अपने बीमार बेटे की दवाई लेकर आया था, तभी मौत ने उसके घर दस्तक दी। अब इन तीन मासूमों के सिर से मां-बाप का साया हमेशा के लिए उठ गया है। राजा की मां रानी ने रोते हुए कहा, “हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए, उन्होंने मेरे बच्चों की दुनिया उजाड़ दी।”
पुलिस की दबिश और एसएसपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल और डीआईजी मुनिराज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मुख्य आरोपी फहीम को हिरासत में ले लिया है, जिसने पूछताछ में कबूला कि हत्या के वक्त वह गली में बैकअप देने के लिए खड़ा था। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
No comments