Recent Posts

Breaking News

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुई थी मैच फिक्सिंग? ICC के एंटी करप्शन यूनिट ने शुरू की जांच

कनाडा के सरकारी चैनल CBC की ओर से जारी एक डॉक्यूमेंट्री के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर मैच फिक्सिंग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप 2026, जो भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला गया था, के एक मुकाबले को लेकर फिक्सिंग की आशंका जताई जा रही है। इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया था। टूर्नामेंट खत्म हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए एक मैच को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।

यह मुकाबला टूर्नामेंट का 31वां मैच था, जिसमें कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा द्वारा फेंके गए एक ओवर को संदिग्ध माना जा रहा है। उस ओवर में नो-बॉल और वाइड सहित 15 रन खर्च हुए थे, जिससे फिक्सिंग की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही कनाडा क्रिकेट में भ्रष्टाचार और आंतरिक गड़बड़ियों के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।

ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC की ACU खासतौर पर न्यूजीलैंड की पारी के पांचवें ओवर की जांच कर रही है। इससे पहले कनाडा के अन्य गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी सवाल उठे हैं, जबकि एक स्पिनर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विकेट मेडन ओवर डाला था।

यह पूरा मामला कनाडा के सरकारी प्रसारक CBC के इन्वेस्टिगेटिव प्रोग्राम ‘The Fifth Estate’ की डॉक्यूमेंट्री ‘Corruption, Crime and Cricket’ के बाद सामने आया है। इस 43 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में कनाडा क्रिकेट बोर्ड के अंदरूनी मामलों, चयन प्रक्रिया में दबाव और मैच से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के आरोप लगाए गए हैं।

इसके अलावा एक पुरानी टेलीफोन रिकॉर्डिंग का भी हवाला दिया गया है, जिसमें तत्कालीन कोच खुर्रम चोहान ने आरोप लगाया था कि बोर्ड के कुछ वरिष्ठ सदस्य खिलाड़ियों के चयन को लेकर दबाव बना रहे थे। इन सभी खुलासों के बाद ICC ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

No comments