‘नींबू ले लो…320 किलो!’ सुनते ही ग्राहक का ‘पारा’ हुआ हाई, दुकानदार को लाठियों से पीटा; फिर हुआ जबरदस्त ड्रामा!

राजस्थान : जयपुर में नींबू के दाम को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले गया, जहां एक सब्जी विक्रेता पर लाठियों से हमला कर दिया गया। मामला जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र का है, जहां 2 नंबर बस स्टैंड के पास फल-सब्जी की दुकान लगाने वाले पप्पू लाल सैनी के साथ मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल की रात करीब 10 बजे मोहित शर्मा नामक युवक नींबू खरीदने दुकान पर पहुंचा था। नींबू के पैसे मांगे जाने पर वह भाव सुनकर भड़क गया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद वह अपने साथियों के साथ वापस लौटा और लाठी-डंडों से दुकानदार पर हमला कर दिया।
पीड़ित दुकानदार का कहना है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसके दोनों हाथों और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें पूरी वारदात साफ नजर आ रही है।
हमले के दौरान आसपास के दुकानदारों और लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों मोहित शर्मा, किशन सैनी, अमित सैनी और शैलेंद्र पांचाल को गिरफ्तार कर लिया।
DCP नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
No comments