Recent Posts

Breaking News

‘बेटी देहरादून में है…’5 महीने तक बेटी की लाश के साथ सोता रहा पिता, बदबू मिटाने के लिए छिड़कता था परफ्यूम!

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र में एक पिता अपनी मृत बेटी के शव के साथ करीब पांच महीने तक घर में ही रहता रहा। बदबू को छिपाने के लिए वह रोजाना कई बार कमरे में परफ्यूम छिड़कता था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।

यह मामला डायल 112 पर मिली सूचना के बाद सामने आया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य बेहद चौंकाने वाला था। बेटी का शव पूरी तरह सड़ चुका था और केवल कंकाल ही बचा था।

जानकारी के अनुसार, मृतका प्रियंका बिस्वास पेशे से शिक्षिका थी और अपने पिता उदय भानु बिस्वास के साथ रहती थी, जो मूल रूप से बंगाल के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में पिता ने बताया कि बेटी की मौत करीब पांच महीने पहले किसी बीमारी के कारण हुई थी।

बताया जाता है कि प्रियंका की मां ने पहले ही आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी अकेली और शांत रहने लगी थी। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहता था, लेकिन किसी को इस घटना की जानकारी नहीं थी।

रिश्तेदारों ने बताया कि जब भी वे प्रियंका के बारे में पूछते, पिता कहता था कि वह देहरादून में नौकरी कर रही है। इसी वजह से किसी को शक नहीं हुआ।

हालांकि, लगातार टालमटोल जवाब मिलने पर रिश्तेदारों को शक हुआ। शुक्रवार को जब परिजन घर पहुंचे और सख्ती से पूछताछ की, तो पिता ने स्वीकार किया कि बेटी की मौत हो चुकी है और उसका शव घर में ही रखा है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि पिता बदबू छिपाने के लिए लगातार परफ्यूम का इस्तेमाल करता था और घर में कई खाली बोतलें भी मिली हैं। बताया यह भी जा रहा है कि वह कुछ समय के लिए हरिद्वार भी चला गया था।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

No comments