बिना अनुमति राहुल-अखिलेश का पुतला फूंकने पर एक्शन! कौशांबी की भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष समेत 5 पर मुकदमा दर्ज

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में सड़क जाम और राहुल गांधी व अखिलेश यादव का पुतला दहन करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना अनुमति प्रदर्शन और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष समेत पांच नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिना अनुमति प्रदर्शन का आरोप
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को देवीगंज चौराहे पर बिना प्रशासनिक अनुमति के जनसभा आयोजित की गई और सड़क जाम करते हुए पुतला दहन किया गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई गई।
भाजपा नेताओं पर केस दर्ज
इस मामले में देवीगंज चौकी प्रभारी रवि मौर्य की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। जिन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है उनमें भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीतू कनौजिया, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा श्रीवास्तव, अजय शुक्ल, प्रदीप और अंजनी शामिल हैं। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रदर्शन कानून का उल्लंघन है और इसी आधार पर कार्रवाई की गई है।
सत्ताधारी दल के ही नेताओं पर पुलिस कार्रवाई होने से जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। इस घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है, वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।
No comments