Recent Posts

Breaking News

राघव चड्ढा का पलटवार : घायल हूं, इसलिए घातक हूं, AAP के आरोपों पर राज्यसभा सांसद ने खोल दी पोल!

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मची रार अब खुलकर सामने आ गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और पार्टी आलाकमान के बीच तल्खी उस वक्त और बढ़ गई, जब चड्ढा ने एक नया वीडियो जारी कर पार्टी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की धज्जियां उड़ा दीं। राज्यसभा में उपनेता (डिप्टी लीडर) के पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा के इस ‘विद्रोही’ तेवर ने अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों की टेंशन बढ़ा दी है।

‘CCTV फुटेज देख लो’ वॉकआउट वाले दावों पर चड्ढा की चुनौती
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर आरोप लगाया था कि वे संसद में विपक्ष के साथ एकजुटता नहीं दिखाते और वॉकआउट नहीं करते। इस पर पलटवार करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि संसद में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, कोई भी जाकर जांच कर सकता है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि उन्होंने कभी भी विपक्ष का साथ नहीं छोड़ा। चड्ढा ने दो टूक शब्दों में कहा कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और संसद में उनकी आवाज को दबाने की साजिश रची जा रही है।

महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर का सच: पार्टी के 6-7 और सांसदों ने भी नहीं किए साइन?
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करने के आरोप को चड्ढा ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा, “मुझसे कभी हस्ताक्षर करने के लिए कहा ही नहीं गया था।” इतना ही नहीं, उन्होंने पार्टी के भीतर की गुटबाजी की ओर इशारा करते हुए कहा कि पार्टी के कुल 10 सांसदों में से 6 से 7 सांसदों ने इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए थे, तो फिर निशाना केवल मुझे ही क्यों बनाया जा रहा है?

‘शोर मचाने नहीं, जनता की आवाज बनने जाता हूं संसद’
पार्टी के कुछ नेताओं ने राघव चड्ढा को ‘डरा हुआ’ करार दिया था, जिस पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। चड्ढा ने कहा कि वे संसद में गाली-गलौज, शोर-शराबा या तोड़फोड़ करने नहीं जाते, बल्कि पंजाब के पानी, दिल्ली के प्रदूषण, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं के स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों को उठाने जाते हैं। उन्होंने साफ किया कि उनकी शालीनता को उनकी कमजोरी न समझा जाए।

डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद बढ़ा तनाव
बता दें कि 2 अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में बड़ा फेरबदल करते हुए राघव चड्ढा को उपनेता के पद से हटा दिया था। उनकी जगह अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर यह तक कह दिया कि चड्ढा को अब पार्टी की ओर से बोलने का समय न दिया जाए। इसी कार्रवाई के बाद चड्ढा ने वीडियो जारी कर ‘धुरंधर’ अंदाज में कहा “सभी झूठ जल्द बेनकाब होंगे; घायल हूं, इसलिए घातक हूं।”

No comments