‘साहेब, रात को कॉल करते हैं और गंदी…’, लेडी कंडक्टर ने लगाया ऐसा आरोप, रोडवेज विभाग में मचा हड़कंप

Agra : आगरा के ताज डिपो से एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है, जिसमें एक लेडी कंडक्टर ने अपने सहकर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला कर्मचारी का कहना है कि ड्यूटी खत्म करने के बाद रातभर उसके फोन किए जाते हैं और उससे आपत्तिजनक बातें की जाती हैं, जिससे न केवल वह बल्कि उसका परिवार भी परेशान हो रहा है। इस मामले ने आगरा रोडवेज विभाग में हलचल मचा दी है।
शिकायतकर्ता महिला परिचालक ने क्षेत्रीय प्रबंधक को शिकायत दी है कि उसके कुछ सहकर्मी ड्यूटी समाप्त करने के बाद उसके मोबाइल पर लगातार कॉल करते हैं। वह रात के समय में फोन कर उसकी व्यक्तिगत सीमाओं का उल्लंघन करते हैं और आपत्तिजनक बातें करते हैं। इस स्थिति से उसकी निजता और पारिवारिक शांति प्रभावित हो रही है। महिला ने बताया कि कई बार समझाने के बावजूद भी ये कर्मचारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे न केवल उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है, बल्कि उसके परिवार में भी तनाव की स्थिति बन गई है।
महिला परिचालक के आरोपों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने साथ हुई घटनाओं का उल्लेख कर रही हैं। इस वीडियो के प्रसारित होने के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बीपी अग्रवाल ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले का संज्ञान लेते हुए ताज डिपो के एआरएम को निर्देश दिया गया है कि तीन दिनों के भीतर इस मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। विभागीय अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दे रहे हैं।
मामला क्या है?
यह मामला ताज डिपो में तैनात एक महिला परिचालक का है, जो अपनी ड्यूटी समय से पूरी कर घर लौटने के बाद भी अपने सहकर्मियों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत कर रही हैं। आरोप है कि रात के समय में लगातार कॉल और आपत्तिजनक बातें कर उसके स्वजन को भी परेशान किया जा रहा है।
No comments