‘जो आदमी अपनी पत्नी के साथ खड़ा नहीं’, राजभर ने ‘महिला आरक्षण’ पर अखिलेश यादव के बयान पर कहा- वो दूसरी महिलाओं के साथ क्या…?

UP Politics : उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपनी आलोचना में कहा है कि जो नेता अपनी पत्नी के साथ खड़ा नहीं हो सकता, वह महिलाओं के प्रति क्या सम्मान दिखाएगा।
ओमप्रकाश राजभर ने लखनऊ में बीजेपी की “जन आक्रोश महिला पद यात्रा” में हिस्सा लेते हुए कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की मंशा है कि 2029 तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर दिया जाए। लेकिन समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्ष के अन्य दलों ने इस बिल का विरोध किया, जिससे महिलाओं में गुस्सा है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए का मकसद है कि महिलाएं देश के विकास में भागीदार बनें और अपने उत्थान के लिए काम करें।
राजभर ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा है कि वह महिला आरक्षण बिल का विरोध नहीं कर रहे हैं, जबकि यह बिल तो पहले ही पास हो चुका है। पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि जब अखिलेश यादव की पत्नी, डिंपल यादव, पर एक मौलाना ने अभद्र टिप्पणी की थी, तो वह मूकदर्शक क्यों बने रहे?
उन्होंने कहा, “जो आदमी अपनी पत्नी के साथ खड़ा नहीं हो सकता, वह दूसरी महिलाओं के साथ क्या खड़ा हो सकता है?” साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव की चुप्पी ने इस मुद्दे को और विवादित बना दिया।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि बीते साल मानसून सत्र के दौरान, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली के एक मस्जिद में एक बैठक की थी, जिसमें डिंपल यादव समेत पार्टी के अन्य सांसद भी शामिल थे। उस बैठक में मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल यादव के पहनावे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर विवाद हुआ था। बीजेपी ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया था, जबकि सपा ने इसे ज्यादा तूल नहीं दिया।
राजभर ने इस घटना को लेकर कहा कि यह मुद्दा न सिर्फ प्रदेश में बल्कि पूरे देश में राजनीतिक असर डालने वाला है, और 2027 के चुनाव में इसका प्रभाव दिखेगा।
No comments