न दोस्ती, न दुश्मनी… बस एक ‘मानसिक भ्रम’ और ले ली छात्रा की जान; मंडी मर्डर केस में आरोपी के कबूलनामे से पुलिस भी दंग

मंडी। कॉलेज छात्रा हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक अहम और चौंकाने वाली जानकारी मिली है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हालांकि, आरोपी विकास ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह मानसिक भ्रम और तनाव की स्थिति से गुजर रहा था।
आरोपी के अनुसार, उसे गलतफहमी हो गई थी कि किसी लड़की ने उसके खिलाफ शिकायत की है। इसी मानसिक स्थिति में उसने सड़क पर जा रही 19 वर्षीय छात्रा पर दराट से अचानक हमला कर दिया। बताया गया कि उसने पहले छात्रा के हाथ और कलाई पर वार किए और फिर गले पर कई बार प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उसे एम्स बिलासपुर भी रेफर किया गया था।
चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी और घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन भी कराया जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से आरोपी के साथ 24 घंटे पुलिस गार्द तैनात की गई है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है।
No comments