Recent Posts

Breaking News

जयमाला के बाद कमरे में अकेली थी दुल्हन, अचानक घुस आए नशे में धुत बाराती; दूल्हे की एक गलती से मंडप में ही टूट गई शादी.

 

वैशाली : बिहार के वैशाली जिले से शादी के घर में भारी हंगामे और मारपीट की एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। जिस घर में जयमाला की रस्म के बाद शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चंद मिनटों में लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं। दूल्हे के व्यवहार और बारातियों की एक घिनौनी हरकत से नाराज होकर दुल्हन ने शादी के मंडप में ही बारात को बैरंग लौटाने का फैसला कर लिया।

दुल्हन के कमरे में बारातियों की एंट्री से शुरू हुआ बवाल
मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव का है। जंदाहा से कुतुबपुर आई इस बारात में सब कुछ ठीक चल रहा था। जयमाला का कार्यक्रम हंसी-खुशी संपन्न होने के बाद दुल्हन अपने कमरे में आराम करने चली गई थी। इसी बीच दूल्हा पक्ष के कुछ मनचले युवक अचानक दुल्हन के निजी कमरे में घुस गए। इस बात पर जब दुल्हन पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई और उन्हें बाहर निकाला, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

रणक्षेत्र बना शादी का पंडाल, गाड़ियां भी तोड़ीं
गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। शादी के घर में लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग लहूलुहान हो गए। बारातियों की गुंडागर्दी देख गांव के लोग भी उग्र हो गए और उन्होंने बारात में आई स्कॉर्पियो, अर्टिगा और बोलेरो गाड़ियों के शीशे चकनाचूर कर दिए। शादी का पंडाल किसी जंग के मैदान जैसा नजर आने लगा।

दूल्हे की बदजुबानी ने किया आग में घी का काम
मारपीट के दौरान जब दूल्हे ने बीच-बचाव करने के बजाय अपना आपा खो दिया और दुल्हन के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया, तो मामला पूरी तरह बिगड़ गया। दूल्हे का हिंसक चेहरा और अपमानजनक भाषा देख दुल्हन ने तुरंत ऐतिहासिक फैसला लिया। उसने साफ कह दिया कि जो व्यक्ति शादी से पहले ही उसका सम्मान नहीं कर सकता, उसके साथ वह पूरी जिंदगी नहीं बिता सकती। दुल्हन के इस फैसले के बाद शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं।

पुलिस ने दूल्हे को लिया हिरासत में, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि बारातियों द्वारा दुल्हन के कमरे में घुसने के बाद तनाव पैदा हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने दूल्हे को अपनी कस्टडी में लेकर थाने पहुंचाया। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिशें जारी हैं, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

No comments