स्कूल जा रही छात्रा का पडोसी ने किया अपहरण…श्मशान घाट ले जाकर किया रेप ; रूह कंपा देगी ये घटना
पंजाब के लुधियाना से इंसानियत को शर्मशार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 35 साल के एक युवक ने स्कूल जा रही एक 14 साल की छात्रा को किडनैप कर लिया और श्मशान घाट ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. बता दें कि आरोपी पीड़ित छात्रा का पड़ोसी बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, घटना 1 अप्रैल की सुबह की है, जब साहिबाना इलाके की रहने वाली छात्रा हमेशा की तरह अपने स्कूल के लिए निकली थी. जैसे ही वह अपने घर से थोड़ी दूर पहुंची, मोहल्ले के ही रहने वाले नीरज कुमार (35) ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया. आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया. आरोपी उसे डरा-धमकाकर राम नगर की ओर ले गया.
पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी काफी समय तक छात्रा को मोटरसाइकिल पर इधर-उधर घुमाता रहा. इस दौरान वह नाबालिग पर शादी करने का दबाव बनाता रहा. जब छात्रा ने विरोध किया और घर जाने की गुहार लगाई, तो नीरज ने उसे फिर से जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया.
आरोपी पीड़िता को जबरन साहिबाना गांव के श्मशान घाट ले गया. सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसने छात्रा के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया. फिर आरोपी पीड़ित को मोहल्ले के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया.
घर पहुंचने पर छात्रा डरी-सहमी हुई थी. जब उसकी मां ने उससे पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाई. परिजनों ने बिना देरी किए तुरंत जमालपुर थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज कुमार की पहचान की और विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया.
फिलहाल आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

No comments