पास करो तो साली से कराऊंगा शादी! MP बोर्ड की कॉपियों में छात्रों ने लगाए ‘जुगाड़’, अतरंगी ऑफर देख शिक्षक हैरान

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां जांच रहे शिक्षकों को इस बार छात्रों द्वारा लिखी गई अजीबोगरीब गुहारें और प्रस्ताव पढ़ने को मिले, जिन्हें देखकर शिक्षक भी हैरान रह गए। ग्वालियर में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की कुल 2,66,173 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है।
इस साल शिक्षकों को 100 से अधिक कॉपियों में अनोखी अपीलें मिलीं। कुछ छात्रों ने पास कराने के लिए चौंकाने वाले प्रस्ताव भी दिए। एक छात्र ने लिखा, “सर, मुझे पास कर दीजिए, मैं आपकी शादी अपनी साली से करवा दूंगा।” वहीं एक छात्रा ने गुहार लगाई, “सर, अगर मैं फेल हो गई तो मेरी शादी टूट जाएगी, कृपया पास कर दीजिए।”
कुछ अन्य छात्रों ने गर्लफ्रेंड के ब्रेकअप या पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए पास करने की अपील की। कई छात्राओं ने अपनी शादी और संभावित प्रताड़ना का जिक्र किया। करीब 23 छात्रों ने अपने माता-पिता की गंभीर बीमारी, जैसे कैंसर, का उल्लेख करते हुए पढ़ाई न कर पाने की बात लिखी।
शिक्षकों ने बताया कि कुछ छात्रों ने 500 रुपये का नोट, शायरी या मोबाइल नंबर लिखकर ऑनलाइन रिश्वत देने का प्रस्ताव भी रखा। हालांकि, सभी शिक्षकों ने नियमों के अनुसार मूल्यांकन किया और इन अपीलों पर ध्यान नहीं दिया।
बोर्ड के संभागीय अधिकारी मारुति सोमकुंवर ने बताया कि इस वर्ष जिले के 49 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षाओं में हिस्सा लिया। मूल्यांकन पूरी हो चुका है और परिणाम 12 अप्रैल तक घोषित होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष परिणाम 6 मई को जारी हुए थे।
No comments