Recent Posts

Breaking News

शादी से पहले दूल्हे का सुसाइड… आखिरी कॉल में क्या हुआ? मंगेतर से बात के बाद उठाया खौफनाक कदम.

 

वैशाली : बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर में शादी की शहनाइयां बजने ही वाली थीं, लेकिन वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। अगले महीने होने वाली अपनी शादी से पहले एक दूल्हे ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि खुदकुशी से ठीक पहले युवक की अपनी होने वाली पत्नी (मंगेतर) से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी।

खिड़की से झांका तो उड़ गए होश, पंखे से लटका मिला शव
घटना भगवानपुर प्रखंड के प्रतापटांड पश्चिमी गांव की है। मृतक की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बिट्टू रात में अपने कमरे में सोने गया था। सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो घर वालों ने आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर जब परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिट्टू का शव कमरे में लगे पंखे के फंदे से लटक रहा था।

7 मई को थी शादी, बंट रहे थे निमंत्रण कार्ड
बिट्टू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और लोहे की वेल्डिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी 7 मई को तय थी। घर में फलदान और तिलक जैसी रस्में पूरी हो चुकी थीं और शादी के कार्ड बांटे जा रहे थे। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू होने ही वाला था कि खुशियों भरे माहौल में मातम पसर गया। गांव वाले इस बात से स्तब्ध हैं कि नई जिंदगी शुरू करने की दहलीज पर खड़ा युवक ऐसा आत्मघाती कदम कैसे उठा सकता है।

मंगेतर की आखिरी कॉल में छिपा है मौत का राज?
पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। पता चला है कि बिट्टू ने जान देने से ठीक पहले अपनी मंगेतर से घंटों फोन पर बात की थी। हालांकि दोनों के बीच अक्सर बातें होती थीं, लेकिन उस आखिरी कॉल के दौरान ऐसा क्या हुआ जिससे बिट्टू इतना टूट गया कि उसने मौत को गले लगा लिया, यह अब भी एक पहेली बना हुआ है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है ताकि बातचीत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का हाल
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग या शादी से जुड़ी किसी अनबन का लग रहा है। फिलहाल परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन इकलौते बेटे को खोने वाले मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

No comments