शादी की रस्म में ‘सियासी’ तड़का: चिराग का गाना बजा तो यादव जी भड़के, बारात निकलने से पहले ही गांव में हो गया ‘महाभारत’!.

Bihar: बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर विवाद की घटना सामने आई है, जहां एक गाने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया। कथौलीया गांव में बारात के दौरान चिराग पासवान की प्रशंसा वाला गाना बजाने पर यादव और पासवान समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को कथौलीया निवासी राजेश पासवान के पुत्र पिंटू कुमार की बारात समस्तीपुर के लिए निकलने वाली थी। बारात रवाना होने से पहले गांव में पारंपरिक “बिलौकी” रस्म चल रही थी, इसी दौरान डीजे पर चिराग पासवान का एक लोकप्रिय गाना बजाया गया। आरोप है कि गाना बजते ही यादव समुदाय के कुछ लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने बारात को आगे बढ़ने से रोक दिया।
दूल्हे की मां बुधनी देवी ने बताया कि उस समय महिलाएं और बच्चे रस्म निभा रहे थे, तभी अचानक विरोध शुरू हो गया और माहौल बिगड़ गया। उनके अनुसार, विरोध करने वाले लोगों ने मारपीट की और आभूषण छीनने के भी आरोप लगाए गए। पथराव में दूल्हे के भतीजे समेत कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय निवासी नरेश पासवान ने आरोप लगाया कि गांव में पहले से ही राजनीतिक और सामाजिक भेदभाव की स्थिति बनी रहती है। उनका कहना है कि कुछ विशेष गानों को लेकर बार-बार विवाद खड़ा किया जाता है, जिससे तनाव की स्थिति पैदा हो जाती है।
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दूल्हा और बारातियों को सुरक्षा के बीच गांव से सुरक्षित बाहर निकाला। मामले में अब तक 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments