‘जा सिमरन जा, जी ले अपनी जिंदगी’…प्रेमी के साथ बगीचे में घूम रही थी पत्नी, जब पति ने देखा तो करा दी शादी और कहा – ‘हैप्पी एंडिंग’.

बिहार : बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर से सोशल मीडिया और प्रेम प्रसंग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम से शुरू हुई एक कहानी अचानक पंचायत और फिर शादी तक पहुंच गई। यह मामला वैशाली के पातेपुर क्षेत्र का है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, दो बच्चों की मां खुशी कुमारी का पिछले एक साल से परदेशी कुमार नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों गुपचुप तरीके से मिलते रहे, लेकिन एक दिन उनकी कहानी का अंत बिल्कुल अलग मोड़ पर पहुंच गया।
बुधवार शाम दोनों पातेपुर के एक आम के बगीचे में चोरी-छिपे मिल रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद गांव में हंगामा मच गया और मामला पंचायत तक पहुंच गया।
ग्रामीणों ने आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की बजाय, नगर पंचायत के छपकी पोखर स्थित मंदिर में दोनों की शादी कराने का फैसला किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और भगवान को साक्षी मानकर खुशी कुमारी और परदेशी कुमार का विवाह करा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इधर, महिला के पति राजीव पासवान ने बताया कि उनकी शादी 2022 में हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। उनका कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी का अफेयर शुरू हो गया था। राजीव ने स्पष्ट कहा कि जब पत्नी खुद दूसरे व्यक्ति के साथ रहना चाहती है, तो वह उसे रोकना नहीं चाहते।
वहीं, खुशी कुमारी ने भी अपने प्रेमी परदेशी कुमार के साथ ही जीवन बिताने का फैसला किया है और अपने पहले पति के पास लौटने से साफ इनकार कर दिया है। यह मामला सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखी पंचायत शादी पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
No comments