घूरकर देखने से भड़का विवाद बना खौफनाक कांड, चाकू से इस्माइल की हत्या.

Delhi : दिल्ली में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। घूरकर देखने की बात पर शुरू हुआ झगड़ा पहले चाकूबाजी तक पहुंचा और फिर बदले की आग में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस पूरी घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि चाकू से घायल एक व्यक्ति को जेपीसी अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने घायल इस्माइल (पुत्र लुकमान) को मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि सुबह इस्माइल अपने घर के पास मोहम्मद इरशाद के साथ बैठा हुआ था। उसी दौरान दानिश वहां से गुजरा। बताया जा रहा है कि इस्माइल के घूरकर देखने पर पहले से चल रहे विवाद के चलते दानिश भड़क गया और गाली-गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला झगड़े में बदल गया।
इसी दौरान शाहिद अली मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दानिश ने उस पर भी हमला कर दिया और मुक्कों से मारकर उसकी आंख पर चोट पहुंचाई। इसके बाद दानिश चाकू लेकर आया और इस्माइल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसने सीने, पेट और सिर पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे इस्माइल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत इस्माइल को जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हमले की खबर मिलते ही इस्माइल के बेटे जफर उर्फ जीशान और फैजान मौके पर पहुंचे। पिता पर हुए हमले से गुस्साए दोनों बेटों ने बदला लेने के इरादे से दानिश और उसके परिवार पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दानिश को भी सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घायल दानिश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, सबूत जुटाए गए और फोटो लिए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जफर उर्फ जीशान और फैजान की पहचान आरोपियों के रूप में की गई है। वहीं, पूरे मामले में पहले हमले के आरोपी दानिश की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
No comments