‘मरीज ठीक करना है तो नोटों की गड्डियां लाओ…’, तांत्रिक ‘शक्ति देवी’ के मायाजाल में फंसा परिवार, झाड़-फूंक के नाम पर सवा करोड़ की महा-ठगी

हरियाणा : हरियाणा के कैथल जिले में एक बड़े ठगी कांड का खुलासा हुआ है, जिसमें एक महिला तांत्रिक और उसके परिवार पर करीब 1.07 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने सुमन उर्फ शक्ति देवी, उसके पति बलराज बेनीवाल, बेटे वंश और सहयोगी संजीव कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को झांसा देकर उनसे पैसे, जेवर और अन्य सामान वसूलते थे। परिवार के हर सदस्य की इस गिरोह में अलग भूमिका थी—कोई पैसे इकट्ठा करता था, तो कोई नए लोगों को फंसाता था।
पीड़ित अमनदीप सिंह ने शिकायत में बताया कि पिता की बीमारी के इलाज के नाम पर आरोपियों ने उनसे करीब 83 लाख रुपये ठग लिए। बाकी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर और जेवर के रूप में ली गई। आरोप है कि तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर उनसे अमानवीय हरकतें भी कराई गईं।
जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पैसे वापस मांगे, तो उसे डराया-धमकाया गया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
No comments