प्रेमिका का हाथ थामकर घर पहुंचा पति, पत्नी ने पूछा- कौन है ये औरत? तो बच्चों के सामने ही घोंट दिया गला.

हाजीपुर, वैशाली : बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की पवित्रता और मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। काजीपुर थाना क्षेत्र के असाधरपुर गांव में एक कलयुगी पति ने अपनी ‘ममता’ और ‘मर्यादा’ दोनों का कत्ल कर दिया। अवैध संबंधों में पागल सुमन कुमार नामक शख्स अपनी प्रेमिका को लेकर सीधे अपने घर पहुंच गया और जब पत्नी ने इसका विरोध किया, तो उसने दो मासूम बच्चों के सामने ही उसे मौत के घाट उतार दिया।
हाथों में हाथ डाले प्रेमिका संग घर आया पति
यह पूरी घटना शनिवार देर रात की है, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से भी ज्यादा डरावनी और क्रूर है। आरोपी सुमन कुमार का लंबे समय से एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार रात वह सारी लोक-लाज भूलकर अपनी प्रेमिका को लेकर घर आ धमका। कमरे में उसकी 25 वर्षीय पत्नी गुंजा देवी मौजूद थी। पति को पराई औरत के साथ देखकर गुंजा सन्न रह गई। उसने हिम्मत जुटाकर सवाल किया, ‘कौन है ये औरत और इसे यहां क्यों लाए हो?’ बस यही सवाल उसकी मौत का वारंट बन गया।
मदद के लिए फोन किया तो बन गया ‘मौत का सबब’
घर में मचे घमासान के बीच गुंजा ने अपने मायके वालों को फोन कर पूरी आपबीती सुनाई और पति की करतूत के बारे में बताया। सुमन को लगा कि अब समाज और ससुराल में उसकी पोल खुल जाएगी। अपनी बेवफाई का पर्दाफाश होने के डर से उसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने मिलकर गुंजा का गला घोंट दिया। हत्या के बाद पत्थर दिल सुमन अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया और अपने ही बच्चों को अनाथ होने के लिए छोड़ दिया।
सुबह का मंजर देख कांप उठी ग्रामीणों की रूह
रविवार की सुबह जब काफी देर तक सुमन के घर का दरवाजा नहीं खुला, तो ग्रामीणों को शक हुआ। घर के पास पहुंचने पर बच्चों के रोने की चीखें सुनाई दे रही थीं। जब ग्रामीण अंदर दाखिल हुए, तो वहां का नजारा देख सबकी रूह कांप गई। फर्श पर गुंजा की लाश पड़ी थी और उसके दो मासूम बच्चे अपनी मां के शव से लिपटकर उसे जगाने की कोशिश कर रहे थे। मासूमों को अंदाजा भी नहीं था कि उनके पिता ने ही उनकी मां को हमेशा के लिए खामोश कर दिया है।
5 साल पहले शुरू हुए सफर का लहूलुहान अंत
मृतका के पिता रामेश्वर पासवान ने बताया कि 5 साल पहले उन्होंने बड़े अरमानों के साथ बेटी की शादी सुमन से की थी। उन्हें क्या पता था कि उनकी बेटी एक कातिल के साथ घर बसा रही है। सूचना मिलते ही काजीपुर थाना प्रभारी विजय प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मृतका की गर्दन पर रस्सी के निशान मिले हैं, जो गला घोंटकर हत्या की पुष्टि करते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
No comments