‘डॉक्टर हम हैं या आप’…अंगूठे की चोट में घुटने का एक्स-रे…भागलपुर रेफरल अस्पताल का अनोखा कारनामा.

भागलपुर के नाथनगर स्थित रेफरल अस्पताल फिर से विवादों में आ गया है। एक मरीज ने ओपीडी में तैनात महिला डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। मरीज दीपक कुमार का कहना है कि उनके घायल पैर के अंगूठे का एक्स-रे लिखने के बजाय डॉक्टर ने घुटने का एक्स-रे पर्ची में लिख दिया।
जब दीपक ने पर्ची सुधारने के लिए डॉक्टर के पास दोबारा संपर्क किया, तो उनका आरोप है कि डॉक्टर ने उनसे कहा, “डॉक्टर हम हैं या आप?” और गार्ड बुलाकर उन्हें बाहर निकालवा दिया।
गलत एक्स-रे की जानकारी ऑपरेटर ने दी
दीपक के अनुसार, जब वह एक्स-रे कराने पहुंचे, तो ऑपरेटर ने पर्ची में गलती देख ली और कहा कि अंगूठे का एक्स-रे लिखवाकर आएं। इसके बाद दीपक ने पर्ची सुधारने के लिए डॉक्टर से संपर्क किया, लेकिन उन्हें अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा।
पर्ची बाद में सुधारी गई
कुछ समय बाद अस्पताल के अन्य कर्मचारियों की मदद से पर्ची में सुधार कर अंगूठे का सही एक्स-रे दर्ज किया गया, जिसके बाद दीपक की जांच हो सकी।
डॉक्टर ने दी सफाई
ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अन्वेषा ने कहा कि पर्ची में हुई गड़बड़ी मानवीय भूल थी। उन्होंने बताया कि मरीज ने डॉक्टर पर चिल्लाया, जिसके कारण गार्ड को बुलाया गया। डॉक्टर ने आरोपों को गलत बताया और कहा कि मरीज के साथ किसी तरह की बदसलूकी नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत होने पर मरीज को सीधे अस्पताल प्रशासन या प्रभारी अधिकारी से संपर्क करना चाहिए था।
कार्रवाई की मांग
दीपक कुमार ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह मामला सरकारी अस्पतालों में इलाज के दौरान लापरवाही और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर उठ रहे सवालों को फिर से उजागर करता है।
अस्पताल पहले भी विवादों में रहा
नाथनगर रेफरल अस्पताल पहले भी विवादों में रहा है। सरस्वती पूजा के दौरान करंट लगने से झुलसे दो युवक इलाज के लिए आए, लेकिन ड्यूटी पर डॉक्टर न मिलने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। 14 फरवरी 2025 को एक्सीडेंट में घायल एक मरीज को अस्पताल के अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं था, और परिजनों को मरीज को खुद अंदर ले जाना पड़ा था।
No comments