गर्लफ्रेंड ने बोला अपनी पत्नी को तलाक दो वरना…प्रेशर झेल न पाया प्रेमी, लगा ली फांसी

समस्तीपुर (बिहार)। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कथित प्रेम प्रसंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक शिक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलोथ स्थित वस्तु विहार के एक फ्लैट की है।
मृतक की पहचान वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के परमानंदपुर निवासी 32 वर्षीय तरुण कुमार के रूप में हुई है। वह समस्तीपुर के अपग्रेड मिडिल स्कूल, रामपुर केशोपट्टी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी रहिमा प्रसाद भी उसी स्कूल में शिक्षिका हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। तरुण कुमार का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता अभिनव कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे का पहले मुजफ्फरपुर में नौकरी के दौरान एक महिला शिक्षिका से संपर्क हुआ था। बाद में परिवार के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग रहने की सलाह दी गई थी।
परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद महिला शिक्षिका लगातार तरुण कुमार पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी। साथ ही, वह कथित तौर पर उसे जेल भेजने और कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दे रही थी, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिवार का कहना है कि महिला शिक्षिका और मृतक की पत्नी के बीच व्हाट्सएप चैट में भी दबाव और धमकी से जुड़ी बातें सामने आई हैं।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात भी महिला शिक्षिका का फोन आया था। बातचीत के दौरान तरुण कुमार छत पर चले गए थे और कुछ देर बाद लौटकर अपने कमरे में फांसी लगा ली।
जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उनकी पत्नी ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments