मूंछें साफ, नीयत खराब! जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ कर ‘क्लीन शेव’ हुआ हिस्ट्रीशीटर; पुलिस से बचने के लिए मुरैना कोर्ट में डाला डेरा

जयपुर के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला से सरेआम छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहा आरोपी राहुल गुर्जर आखिरकार मध्यप्रदेश के मुरैना कोर्ट में सरेंडर कर चुका है। हालांकि उसने यह सरेंडर जयपुर में दर्ज छेड़छाड़ के मामले में नहीं, बल्कि 2018 के एक पुराने डकैती केस में किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए यह रणनीति अपनाई और पुराने मामले में अदालत के सामने पेश हो गया। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपना हुलिया भी बदल लिया था। सीसीटीवी फुटेज में जहां वह दाढ़ी-मूंछ में नजर आ रहा था, वहीं कोर्ट में वह क्लीन शेव होकर पहुंचा ताकि उसकी पहचान न हो सके। वह अपने वकील के जरिए सुबह करीब 11 बजे कोर्ट में पहुंचा और सरेंडर की अर्जी दाखिल की।
यह मामला 25 मार्च का है, जब जवाहर सर्किल क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के साथ आरोपी ने सार्वजनिक रूप से छेड़छाड़ और अभद्रता की थी। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई न होने के आरोप भी सामने आए हैं। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए पुलिस विभाग ने संबंधित थाने के एएसआई और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है, जबकि थाना प्रभारी पर अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को शरण देने वाले उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है, जो जयपुर में एक स्पा सेंटर चलाता था। उससे पूछताछ कर पुलिस आरोपी के नेटवर्क और मददगारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार राहुल गुर्जर ग्वालियर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और मारपीट समेत करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले से ही मुरैना के एक मामले में फरार चल रहा था। अब जयपुर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शहर लाने की तैयारी कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments