Recent Posts

Breaking News

‘पिताजी जी के अधूरे सपने को…’, डिप्टी सीएम क्यों नहीं बने निशांत कुमार? सरकार बनने के बाद खुद बताई असल बात

Nishant Kumar : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बड़ा सवाल उठा था कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा या नहीं। इस सवाल को लेकर चर्चा तेज हो रही थी कि आखिर क्यों निशांत कुमार इस पद से दूर हैं।

हालांकि, नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद भी निशांत कुमार इस पद से दूर ही रहे और उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

निशांत कुमार ने कहा- मैं सम्राट के नेतृत्व में काम करूंगा

गुरुवार को निशांत जेडीयू कार्यालय पहुंचे थे, जहां मीडिया ने उनसे पूछा कि जनता की इच्छा है कि आप पार्टी में शामिल हैं, तो आप डिप्टी सीएम क्यों नहीं बनना चाहते हैं? इस सवाल पर निशांत सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने केवल अपने पुरानी बातों को दोहराया और कहा, “सम्राट जी बिहार को विकास की नई राह दिखाएंगे। उनके नेतृत्व में एनडीए की सरकार है। मैं उनके नेतृत्व में काम करूंगा।”

निशांत ने कहा- मैं जेडीयू को मजबूत करूंगा

निशांत ने कहा, “मैं जेडीयू को मजबूत करने की कोशिश करूंगा। पिताजी ने जो 20 साल में किया है, उसे जनता तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की कोशिश करूंगा। जनता का विश्वास और आशीर्वाद बना रहे।” इतना कहने के बाद वे पार्टी कार्यालय से चले गए। इस दौरान उनके समर्थक “निशांत बाबू जिंदाबाद”, “हमारा नेता कैसा हो, निशांत भैया जैसा हो” के नारे लगाते नजर आए।

शपथ ग्रहण में नहीं पहुंचे थे निशांत कुमार

बता दें कि बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भी निशांत कुमार शामिल नहीं हुए थे। उस समय मुख्यमंत्री पद की शपथ सम्राट चौधरी ने ली थी, जबकि जेडीयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस दौरान भी निशांत कुमार नदारद रहे। केवल नीतीश कुमार ही इस कार्यक्रम में मौजूद थे।

शपथ ग्रहण से क्यों दूर रहे निशांत कुमार?

सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि निशांत पार्टी के लिए लगातार सक्रिय हैं। वे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं, पार्टी दफ्तर भी जा रहे हैं। उनका मुख्य मकसद संगठन को मजबूत बनाना है और पार्टी को नई ऊर्जा देना है। वह अपने बयानों में भी बार-बार यह बात कह रहे हैं कि वे पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।

No comments