लाश देख सन्न रह गए लोग, पर बेटा पहुँचा मकान कब्जाने! इंदौर में रिश्तों का कत्ल, पिता का शव पड़ा रहा, लेकिन बेटे को संपत्ति की फिक्र…

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चंदन नगर थाना क्षेत्र के नागिन नगर इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छगनलाल के रूप में हुई है, जो अकेले रहते थे। उनके तीन बेटे हैं, लेकिन कोई भी उनके साथ नहीं रहता था।
जानकारी के मुताबिक, छगनलाल की देखभाल उनके पास रहने वाले भांजे जगदीश द्वारा की जाती थी। बताया गया है कि दो दिन पहले ही वे भांजे के घर से खाना लेकर अपने घर लौटे थे, जिसके बाद से वे बाहर नहीं दिखे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पास में खेल रहे बच्चों की गेंद छगनलाल के घर में चली गई। बच्चे जब गेंद लेने अंदर गए तो उन्होंने देखा कि छगनलाल जमीन पर मृत पड़े हुए हैं। यह दृश्य देखकर बच्चे डर गए और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी भांजे जगदीश को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस और परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदौर जिला अस्पताल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग की मौत अत्यधिक शराब सेवन के कारण हो सकती है, हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
इस घटना में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। भांजे के अनुसार, मौत की सूचना देने के बाद मृतक के बेटे मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं, आरोप है कि एक बेटा बाद में मकान पर कब्जा करने के इरादे से वहां पहुंच गया, जिससे मामला और भी संदिग्ध और गंभीर हो गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
No comments