वो फेल नहीं हुई, समाज के दबाव ने उसे हरा दिया! 12वीं के रिजल्ट के चंद घंटों बाद छात्रा ने किया सुसाइड

MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा की परीक्षा में असफल होने के बाद एक 17 वर्षीय छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नौगांव थाना क्षेत्र के सुनाटी गांव की रहने वाली छात्रा शिवानी अहिरवार ने इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। बुधवार को घोषित हुए परिणाम में वह फेल हो गई, जिससे वह गहरे सदमे में चली गई। बताया जा रहा है कि रिजल्ट देखने के कुछ ही समय बाद उसने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत उसे नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं सीएसपी अरुण कुमार सोनी के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला परीक्षा में असफलता के कारण उठाया गया आत्मघाती कदम प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है।
यह घटना एक बार फिर परीक्षा परिणाम के बाद छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और संवेदनशीलता की आवश्यकता को उजागर करती है।
No comments