Recent Posts

Breaking News

पूर्व पति ने पत्नी को सरेआम मारा, बाइक में बांधकर घसीटा; ग्रामीणों ने आरोपी को पीटा..

  

शिवपुर (बहराइच) : बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी पूर्व पत्नी के साथ सरेआम मारपीट की और उसे बाइक में बांधकर सड़क पर घसीटा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को बचाया और आरोपी युवक की जमकर पिटाई की। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

रामगांव थाना क्षेत्र के मुसल्लमपुर निवासी रईस (22) का विवाह करीब डेढ़ साल पहले लक्ष्मणपुर मटेही निवासी रेशमा (25) से हुआ था। जानकारी के अनुसार, विवाद के चलते दोनों करीब छह महीने पहले अलग हो चुके थे। बावजूद इसके बुधवार रात रईस अपनी पूर्व पत्नी के मायके पहुंच गया।

आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसने रेशमा से विवाद शुरू कर दिया और विरोध करने पर मारपीट करने लगा। इसके बाद आरोपी ने उसे रस्सी से बांधकर अपनी मोटरसाइकिल पर बांधा और सड़क पर घसीटने लगा। यह नजारा देख आसपास के लोग दंग रह गए और तुरंत बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाया।

ग्रामीणों ने रईस को पकड़कर पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी नानपारा भेजा। रेशमा का इलाज चल रहा है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है, जबकि रईस को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया।

पीड़िता ने पति पर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। रेशमा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सीओ पहुंप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

No comments