Recent Posts

Breaking News

‘अपने बच्चे बचाओ’…पंजाब में स्कूल और अदालतों को फिर बम धमकी, ई-मेल में केजरीवाल का नाम शामिल

जालंधर। सोमवार सुबह करीब 8 बजे शहर के कई स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी मिली। डीपीएस स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को निशाना बनाते हुए भेजे गए संदेश में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा गया था, “अपने बच्चों को बचाओ…”।

सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली और सुरक्षा कड़ी कर दी। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई।

सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को भी चुनौती दी गई थी। संदेश में 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं हटाने की चेतावनी दी गई, हालांकि यह भी कहा गया कि बच्चों से उनका कोई बैर नहीं है।

कोर्ट और सरकारी दफ्तर भी सुरक्षित नहीं

फिरोजपुर कोर्ट काम्प्लेक्स को भी धमकी मिलने के बाद दोपहर दो बजे तक काम बंद कर दिया गया। पुलिस ने कोर्ट खाली कराकर छानबीन शुरू कर दी। वहीं, अमृतसर के कई स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।

डीसीपी विजय आलम सिंह ने बताया कि सभी प्रभावित स्थानों में तलाशी अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीमों को तैनात किया गया और कर्मचारियों व छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसरों की जांच की गई। शुरुआती जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला।

साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी टीम ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है कि संदेश कहां से और किस उद्देश्य से भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी की पहचान हो चुकी है, जिसे दूसरे राज्य से प्रोडक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया जारी है। पूछताछ के बाद ईमेल भेजने के मकसद और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का पता लगाया जाएगा। फिलहाल शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।

No comments