Recent Posts

Breaking News

कम उम्र में बढ़ रहा है ‘हार्ट अटैक’ का खतरा; विशेषज्ञों ने बताया – घर बैठे कैसे जानें अपने दिल की सेहत का हाल

दिल की बीमारियों का खतरा दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहा है और अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कार्डियोवैस्कुलर डिजीज को समय रहते पहचानना बेहद जरूरी है, क्योंकि शुरुआती अवस्था में सही कदम उठाकर इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। लेकिन अक्सर लोग इसके शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे समस्या गंभीर हो जाती है।

डॉक्टरों के अनुसार, आज के समय में हर उम्र के लोगों को दिल की सेहत को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। नियमित रूप से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल की जांच, धूम्रपान और शराब से दूरी, तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर हृदय रोगों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अब विशेषज्ञों ने एक ऐसा तरीका भी विकसित किया है, जिससे आप घर बैठे अपने दिल की बीमारी के जोखिम का अनुमान लगा सकते हैं। इसके लिए एक खास कैलकुलेटर तैयार किया गया है, जो अगले 10 और 30 वर्षों में आपके हृदय रोग के खतरे का आकलन करता है।

हृदय रोग का जोखिम जानने के लिए डॉक्टर उम्र, लिंग, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल स्तर, धूम्रपान की आदत, डायबिटीज और पारिवारिक इतिहास जैसे कारकों को ध्यान में रखते हैं। यदि किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर, अधिक कोलेस्ट्रॉल या धूम्रपान की आदत है, तो उसका जोखिम अधिक माना जाता है।

अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी ने हाल ही में कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण से जुड़ी गाइडलाइंस में बदलाव किया है। इसके अनुसार 19 साल की उम्र के बाद हर 5 साल में लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराना जरूरी है, जबकि 9 से 11 साल की उम्र में एक बार जांच कराने की सलाह दी गई है ताकि जेनेटिक जोखिम का पता चल सके।

इसके अलावा, अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन द्वारा विकसित ‘PREVENT’ कैलकुलेटर की मदद से व्यक्ति अपने जोखिम का अनुमान लगा सकता है। इसमें उम्र, लिंग, बीपी, कोलेस्ट्रॉल, बीएमआई, डायबिटीज और स्मोकिंग जैसी जानकारी डालकर कुछ ही मिनटों में परिणाम प्राप्त किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि दिल की बीमारियों से बचाव के लिए जीवनशैली में सुधार सबसे प्रभावी उपाय है। इसके लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम या वॉकिंग करना, संतुलित आहार लेना, नमक और तेल का सेवन कम करना, तथा अधिक फल और सब्जियां खाना जरूरी है। साथ ही धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखना और नियमित हेल्थ चेकअप कराना भी बेहद जरूरी है।

No comments