Recent Posts

Breaking News

बुजुर्ग पिता ने दिव्यांग बेटी को किया गर्भवती, लंबे समय से कर रहा था दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार

Odissa : ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक पिता ने ही अपनी दिव्यांग बेटी के साथ लंबे समय तक जघन्य अपराध किया। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता के गर्भवती होने की बात सामने आई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना ढेंकानाल जिले के रसोल थाना क्षेत्र की है। यहाँ रहने वाली एक दिव्यांग युवती के साथ उसके ही पिता ने कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बेटी की शारीरिक और मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया, जिसकी भनक लंबे समय तक किसी को नहीं लगी थी।

मामले का खुलासा कैसे हुआ?

परिवार को इस जघन्य अपराध का पता तब चला जब लड़की के शरीर में असामान्य बदलाव नजर आने लगे। इसकी जांच के लिए मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें पता चला कि वह गर्भवती है। यह खबर सुनते ही परिवार के होश उड़ गए। तुरंत ही उसे इलाज के लिए ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया है।

इस घटना के बाद पीड़िता की मां पूरी तरह टूट गई, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए अपने पति के खिलाफ आवाज उठाई। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और तुरंत कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना के खिलाफ केस नंबर 85/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की उम्र करीब 59 साल बताई जा रही है।

हिंदोल एसडीपीओ सत्या नंद ने कहा, “पीड़ित युवती जब छह महीने गर्भवती थी, तब उसकी मां को अस्पताल में इलाज के दौरान मामले का पता चला। पीड़िता ने अपने पिता का नाम लेकर अपनी आपबीती सुनाई, लेकिन परिवार इस बात को लेकर डर और हिचकिचाहट के कारण शिकायत करने से डर रहा था। जब पीड़िता की मां पास के तालाब में कपड़े धोने गई थी, तब पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था और उसे धमकाता था कि यदि किसी को बताया तो अच्छा नहीं होगा। अब जब पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया, तो अस्पताल में पिता का नाम पूछा गया, जिसमें इस घिनौने अपराध का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़िता की मां ने आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और कोर्ट में पेश किया। आरोपी की उम्र 59 साल है और वह न्यायिक हिरासत में है।”

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है, ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैला है। स्थानीय लोग इस जघन्य अपराध को समाज के लिए एक बड़ा कलंक मानते हैं और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

No comments