‘लड़कियों को गंदे कॉल किए… मां से बदतमीजी की’, एक्टर पीयूष मिश्रा ने कहा- शराब ने मुझसे बहुत गलत काम करवाएं…

Piyush Mishra : बॉलीवुड के प्रतिभाशाली अभिनेता और लेखक पीयूष मिश्रा ने हाल ही में अपने जीवन के अंधेरे दौर का खुलासा किया है, जब वह शराब की लत में बुरी तरह जकड़े हुए थे। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे शराब उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई थी और उसकी वजह से उनकी सोच, व्यवहार और संबंधों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।
शराब शौक नहीं जरूरत थी- पीयूष मिश्रा
पीयूष मिश्रा ने कहा, “शराब सिर्फ शौक नहीं बल्कि जरूरत बन गई थी। शरीर उसकी मांग करने लगता था, और मैं चाहकर भी उससे दूर नहीं रह पाता था।” उन्होंने बताया कि धीरे-धीरे शराब उनकी आदत में बदल गई थी, जो उनके जीवन के हर पहलू को प्रभावित कर रही थी। शराब के कारण उनके पर्सनल लाइफ में भी तूफान आ गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि नशे में उन्होंने ऐसी बातें की, जिनसे उन्हें बाद में गहरा पछतावा हुआ।
मैंने अपनी मां से बदतमीजी की थी- पीयूष मिश्रा
उन्होंने कहा कि शराब की लत ने उनके रिश्तों में तनाव और भावनात्मक उथल-पुथल पैदा कर दी। खासतौर पर, अपनी मां के साथ उनकी गलतफहमी और बदसलूकी उनके लिए बहुत दुखद साबित हुई। उन्होंने बताया, “शराब के कारण मैंने अपनी मां से बदतमीजी की और उन्हें भला-बुरा कहा। जब मैं sober था, तो मुझे एहसास हुआ कि मुझे उन्हें माफ कर देना चाहिए।” इसके अलावा, शराब पीकर उन्होंने कई महिलाओं से फोन पर अश्लील बातें भी की, जिनमें से कई बातें उन्हें अगले दिन याद नहीं रहती थीं।
पीयूष मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कभी सेट पर शराब नहीं पी, लेकिन उनकी लत का असर उनकी प्रोफेशनल छवि पर पड़ा। इंडस्ट्री में उन्हें अक्सर एक मुश्किल इंसान के तौर पर देखा जाने लगा था, और उन्हें बार-बार अपनी छवि को सुधारने के लिए संघर्ष करना पड़ा। यह प्रक्रिया उनके लिए बहुत थकाऊ और चुनौतीपूर्ण थी।
उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा बदलाव साल 2009 में आया, जब उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ। इस घटना ने उन्हें अपनी सेहत और जीवन के प्रति गंभीरता से सोचने पर मजबूर किया। इसके बाद, पीयूष मिश्रा ने खुद को सुधारने का फैसला किया और विपश्यना जैसी आध्यात्मिक साधनाओं का सहारा लिया। इससे उन्हें अपनी क्रेविंग्स को नियंत्रित करने में मदद मिली और वे धीरे-धीरे अपनी लत से लड़ने लगे।
क्या उन्होंने शराब पूरी तरह छोड़ी?
पीयूष मिश्रा का कहना है कि उन्होंने शराब पूरी तरह नहीं छोड़ी है, लेकिन अब वह उस पर काफी हद तक नियंत्रण पा चुके हैं। यह उनके लिए एक लंबी और कठिन यात्रा रही है, और इस पर काम अभी भी जारी है।
हाल ही में, पीयूष मिश्रा फिल्म ‘राहु केतु’ में नजर आए, जिसमें उन्होंने अभिनेता पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा के साथ स्क्रीन साझा की। इसके अलावा, उन्होंने ‘क्रेजी’ (2025) मूवी में वॉइस ओवर किया है, और ‘आजाद’ (2025) में भी दिखाई दिए हैं। फिल्मों के साथ-साथ वह थिएटर और संगीत में भी सक्रिय हैं, जहां उनकी पकड़ मजबूत बनी हुई है।
No comments