मिठाई से लेकर यूनिवर्सिटी तक… ED की रडार पर ‘लवली’ कारोबार! सांसद मित्तल के घर दस्तावेजों का ढेर खंगाल रही टीमें.

जालंधर (पंजाब) : पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के घर और कारोबारी ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह दिल्ली से आई ईडी टीमों ने जालंधर और फगवाड़ा में उनके आवास, संस्थानों और लवली ग्रुप से जुड़े कई प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई, जिसके बाद कई स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। मित्तल के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि अंदर ईडी अधिकारी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच का दायरा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर समेत कई संस्थानों तक फैला हुआ है। इसके अलावा परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई फेमा (Foreign Exchange Management Act) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में की जा रही है, जिसमें विदेशी फंडिंग और वित्तीय लेन-देन की जांच प्रमुख है।
इस छापेमारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। वहीं, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई नहीं कर रही है, इसलिए केंद्रीय एजेंसियों को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।
फिलहाल ईडी की जांच जारी है और कई अहम दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
No comments