HP News: सिया के कातिल ने कबूला अपना जुर्म, छात्रा को देखते ही खोया आपा, पूछताछ में नहीं बताया वारदात का कारण

गोपालपुर में 19 साल की सिया गुलेरिया की गर्दन सिरफिरे ने सनक में ही काट दी है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में तो यही साफ हो पाया है कि कालेज जाती सिया को जैसे ही आरोपी विकास ने देखा तो आपा खो दिया और तैश में आकर हाथ में लिए दराट से वार कर दिया।
सिया जब घायल होकर जमीन पर गिरी तो आरोपी घबरा कर घटनास्थल से भाग गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी की जुबान खुलवाने के लिए हर हथकंडा पहली ही रात को अजमा लिया है। सिरफिरा वारदात से पहले और बाद की हर बात हू-ब-हू बता रहा है, लेकिन क्राइम सीन पर बात करते समय सिर्फ इतना ही कह रहा है कि लडक़ी को क्यों मारा नहीं जानता है?
लडक़ी और उसके परिवार से किसी पुरानी रंजिश को लेकर पूछे गए सवालों पर भी आरोपी यही कह रहा है कि ऐसा कुछ भी नहीं है। कालेज जाती सिया दिखी तो फिर उस पर दराट से वार कर दिया और भाग गया। लडक़ी पर कितने प्रहार किए इसका भी कोई हवाला नहीं दे रहा है। पुलिस के समक्ष आरोपी विकास यह भी कबूल कर रहा है कि मैंने ही मारा है। आरोपी के इस जवाब से पुलिस भी दवाब में है और हत्याकांड का सच जानने के लिए नए तौर तरीके रिमांड के दौरान अजमाने की तैयारी में है।
सिया के परिजनों से मिले एसपी विनोद कुमार
मंडी एसपी विनोद कुमार ने मंगलवार को नैण गांव में सिया के परिजनों से मुलाकात की है। इस दौरान एसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि हत्याकांड की हर परत खोली जाएगी और पीडि़त परिवार के साथ पूरा प्रशासन खड़ा है।
परिजनों ने किसी पर भी नहीं जताया शक
नशेड़ी के दराट से मौत की आगोश में सोई सिया के परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है और न ही हत्याकांड की जांच पर कोई सवाल खड़ा किया है। गमगीन परिजन सदमे में हैं।
मोटिव तो पता लगाएंगे
सरकाघाट के नैण गांव में हुए हत्याकांड पर मंडी एसपी विनोद कुमार ने कहा कि सिया की हत्या का उद्देश्य क्या है इसके लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी कुछ बता नहीं रहा है। रिमांड के दौरान सच्चाई पता लगाया जाएगा।
No comments