NIT कुरुक्षेत्र बना ‘सुसाइड हब’! प्रोफेसर ने कहा- ‘जाकर डूब मरो’, बिहार की बेटी ने कर लिया सुसाइड ; कैंपस में मचा कोहराम.
NIT Kurukshetra student suicide: हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित एनआईटी कैंपस में बिहार की एक छात्रा की आत्महत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। गुरुवार देर रात छात्रों ने कैंपस में जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते स्थिति बिगड़ गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने मुख्य गेट बंद कर दिया और पुलिस बल को बुलाया गया, जिससे छात्रों में और अधिक आक्रोश फैल गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि जब तक उस प्रोफेसर पर कार्रवाई नहीं होती, जिसने कथित तौर पर छात्रा दीक्षा को ब्रह्मसरोवर जाकर आत्महत्या करने की बात कही थी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके साथ ही स्पोर्ट्स इंचार्ज शहाबुद्दीन को सस्पेंड करने की मांग भी उठाई गई है।
दीक्षा, जो आर्टिफिशियल एंड डेटा साइंस की सेकेंड ईयर छात्रा थी, ने गुरुवार दोपहर अपने हॉस्टल रूम में फंदा लगाकर जान दे दी। वह बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि उसने एक नोटबुक में आखिरी संदेश भी लिखा था।
छात्रों का आरोप है कि घटना के बाद वार्डन ने तुरंत दरवाजा नहीं खोला और मेडिकल टीम ने भी बाहर से देखकर उसे मृत घोषित कर दिया, जिसे उन्होंने गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना है कि शव काफी देर तक कमरे में ही लटका रहा और समय पर उचित कार्रवाई नहीं की गई।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में कैंपस में यह चौथा आत्महत्या का मामला है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कुछ छात्रों का कहना है कि शिक्षकों द्वारा मानसिक उत्पीड़न किया जाता है और डिग्री रोकने की धमकी भी दी जाती है।
घटना के बाद प्रशासन ने छात्रों को छुट्टियां देकर घर भेजने की कोशिश की, जिसे छात्रों ने मामले को दबाने का प्रयास बताया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि एनआईटी डायरेक्टर ने छात्रों की मांगों पर विचार और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

No comments